बिहार में आरजेडी को एक और झटका लगने जा रहा है। आरजेडी नेता लवली आनंद सोमवार (18 मार्च) को नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू में शामिल होंगी। शाम 5 बजे लवली आनंद जेडीयू में शामिल होंगी। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की मौजूदगी में वो पार्टी में शामिल होंगी। जानकारी के मुताबिक लवली आनंद जेडीयू के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। लवली आनंद, बाहुबली नेता आनंद मोहन की पत्नी हैं। लवली आनंद राजपूत समाज से ताल्लुक रखती हैं। उनके पति आनंद मोहन भी पूर्व सांसद रह चुके हैं, जबकि इनका बेटा चेतन आनंद भी विधायक हैं।
Highlights
- लवली आनंद हुई जदयू में शामिल, इस सीट से लड़ सकती हैं चुनाव
- पार्टी दफ्तर में तैयारियां की जा रही
- 40 सीटों पर कुल 7 चरणों में लोकसभा के चुनाव होंगे
पार्टी दफ्तर में तैयारियां की जा रही
बिहार में लवली आनंद की जेडीयू में एंट्री से इस बात को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें पार्टी लोकसभा चुनाव में टिकट दे सकती है। लवली आनंद की जेडीयू की सदस्यता को लेकर पार्टी दफ्तर में तैयारियां की जा रही हैं। जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह की मौजूदगी में लवली आनंद पार्टी का दामन थामेंगी। लवली आनंद के जेडीयू में शामिल होने को लेकर बिहार के सियासी गलियारों पहले से ही अटकलें थीं क्योंकि बिहार में एनडीए की सरकार बनने के बाद विधानसभा में विश्वासमत के दौरान उनके बेटे चेतन आनंद जेडीयू खेमे में जाकर बैठ गए थे। जबकि चेतन आनंद आरजेडी से विधायक थे।
बिहार में कब है लोकसभा चुनाव?
बिहार में सभी 40 सीटों पर कुल 7 चरणों में लोकसभा के चुनाव होंगे। 19 अप्रैल को पहले चरण में प्रदेश की 4 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं, दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को है। इस दौरान 5 सीटों पर मतदान होगा। तीसरा चरण 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवां चरण 20 मई, छठे चरण का चुनाव 25 मई और अंतिम यानी सातवें चरण का मतदान 1 जून को होगा। इसके बाद 4 जून को मतगणना कराई जाएगी और इस दिन उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला हो जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



