बिहार में एक बार फिर डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। बता दें रविवार को अपराधियों ने राज्य में दो हत्याओं को अंजाम दिया है। जहां एक तरफ बेगूसराय में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड टीचर को सरेआम गोली मार दी गई है तो वहीं दूसरी तरफ मोतिहारी में ठेकेदार का कत्ल कर दिया गया है।
मामले में मृतक चश्मदीद गवाह थे
आपको बता दें टीचर की हत्या का मामला बेगूसराय के बछवारा क्षेत्र के फतेहा पंचायत में सामने आया है। वारदात को फतेहा रेलवे स्टेशन के पास अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते अपराधियों ने 70 साल के रिटायर्ड टीचर को गोली मार दी.मृतक जवाहर राय फतेहा गांव के रहने वाले थे। अपराधियों ने जिस जवाहर राय की आज हत्या की है, फरवरी 2021 उनके बेटे की भी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक चश्मदीद गवाह थे।
ठेकेदार की भी आज गोली मारकर हत्या कर दी गई
वहीं, बिहार के मोतिहारी में सब्जी खरीदने गए ठेकेदार की भी आज गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने वारदात को चकिया थाना चौक पर अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि जिस समय वारदात हुई, तब ठेकेदार राजीव कुमार सब्जी खरीद रहे थे। घटना के दौरान राजीव के सीने में दो गोली लगी थीं। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से 3 खाली खोखे बरामद किए हैं।
बढ़ते अपराध से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश भी बढ़ रहा
दरसअल, पिछले कई दिनों से बेगूसराय में करीब आधा दर्जन अपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।एक दिन पहले ही रात के समय पार्किंग विवाद में तीन लोगों को गोली मार दी गई थी, जिसमें से एक की मौत हो गई थी। इससे पहले बछवारा थाना क्षेत्र में एक उप मुखिया की गोली मारकर 3 दिन पहले हत्या कर दी गई थी। लगातार बढ़ते अपराध से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश भी बढ़ रहा है।


Download Android App
Download iOS App



