मणिपुर में जेडीयू के कुल 6 विधायकों में से 5 विधायकों ने बीजेपी ज्वाइन कर ली। जेडीयू विधायकों के बीजेपी में शामिल होने से गदगद सुशील कुमार मोदी ने नीतीश कुमार पर जवाबी हमला बोला है। सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश के सहयोगी लालू यादव ही बिहार को ‘जदयू मुक्त’ कर देंगे।
मणिपुर में जदयू विधायकों के बीजेपी में शामिल होने पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सुशील मोदी ने नीतीश कुमार पर जवाबी हमला बोलते हुए ट्वीट कर कहा, “अरुणाचल के बाद मणिपुर भी जदयू मुक्त। बहुत जल्द लालूजी बिहार को भी जदयू मुक्त कर देंगे।”
अरुणांचल के बाद मणिपुर भी JDU मुक्त ।बहुत जल्द लालूजी बिहार को भी JDU मुक्त कर देंगे ।@ANI @ABPNews @News18India @News18Bihar @ZeeBiharNews
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) September 2, 2022
दरअसल, जेडीयू-बीजेपी गठबंधन की सरकार में लंबे समय तक उपमुख्यमंत्री रहे सुशील मोदी ने महागठबंधन सरकार के गठन के बाद से ही नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। बीजेपी लगातार महागठबंधन की ‘दरार’ को उभारने का प्रयास करते हुए यह कह रही है कि नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान किया है और उनके नए सहयोगी लालू ही उनकी पार्टी (जेडीयू) को राजनीतिक रूप से खत्म कर देंगे।
आपको बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी और बीजेपी को हराने के लिए नीतीश कुमार लगातार सभी विपक्षी दलों के एक साथ आने की वकालत कर रहे हैं। हाल ही में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव से पटना में मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने ‘बीजेपी मुक्त भारत’ बनाने यानी 2024 में दिल्ली की गद्दी से नरेंद्र मोदी को हटाने के अभियान की बात कही थी।
मणिपुर : JDU के 6 में से 5 विधायक BJP में शामिल, राजीव रंजन बोले- धन-बल का प्रयोग कर रही है भाजपा
नीतीश कुमार के ‘बीजेपी मुक्त भारत’ के जवाब में बीजेपी ने भी ‘जदयू मुक्त बिहार’ बनाने की बात कही है। हालांकि इसके साथ ही नीतीश कुमार- राजद एवं अन्य दलों के महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए सुशील मोदी ने यह भी कहा कि नीतीश के सहयोगी लालू यादव ही बिहार को ‘जदयू मुक्त’ कर देंगे।


Download Android App
Download iOS App



