जन्मदिन पर अपने पिता को याद कर भावुक हुए चिराग, कहा- उनका हर सपना करेंगे पूरा

Summary :

चिराग ने कहा, “आज पापा की याद सबसे ज्यादा आ रही है। मेरा पहला जन्मदिन है जब पापा साथ नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद सदैव उनके साथ है।”

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान शनिवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर पासवान चुनाव प्रचार में जाने से पहले पटन देवी मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना कर आशीर्वाद मांगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान ने बिहार को लेकर जो सपना देखा था, उसे वह हर हाल में पूरा करेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव में राजग से अलग हटकर चुनाव मैदान में उतरी लोजपा की सफलता के लिए पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस क्रम में चिराग पटन देवी मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की। पूजा के बाद चिराग भावुक हो गए और कहा, “यह पहला मौका है जब वे अपने पापा के बिना जन्मदिन मना रहे हैं।”
चिराग ने कहा, “आज पापा की याद सबसे ज्यादा आ रही है। मेरा पहला जन्मदिन है जब पापा साथ नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद सदैव उनके साथ है।” उन्होंने कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान ने बिहार को लेकर जो सपना बुना था, उसे वह हर हाल में पूरा करेंगे। उन्होंने एकबार फिर दावा करते हुए कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद यह साफ हो गया है कि प्रदेश में भाजपा और लोजपा की सरकार बनेगी। 
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार में राजग के साथ लोजपा बिहार विधानसभा चुनाव में अकेले चुनाव मैदान में है। पार्टी के अध्यक्ष चिराग लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे हैं।

10 नवंबर के बाद CM नीतीश अपने पद को नहीं रख पाएंगे बरकरार, बनेगी BJP-LJP की सरकार : चिराग

Desk Team