लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने गुरुवार को घोषणा की कि बिहार विधानसभा उपचुनाव के लिए उनकी पार्टी के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा इस महीने के आखिर में की जाएगी। चिराग ने संवाददाता सम्मेलन में दादरा और नगर हवेली लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने पार्टी के उम्मीदवार के रूप में मिलन रघुनाथ गोराट के नाम की भी घोषणा की।
हम हमारे नेता की ऊर्जा को आगे ले जाएंगे
उन्होंने कहा कि बिहार में कुशेश्वर स्थान विधानसभा सीट से उपचुनाव में अंजू देवी और तारापुर से चंदन सिंह उनकी पार्टी के प्रत्याशी होंगे। चिराग पासवान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारी पार्टी के नये नाम में मेरे पिता के नाम (राम विलास पासवान) से पार्टी में नयी ऊर्जा और उत्साह आया है। हम हमारे नेता की ऊर्जा को आगे ले जाएंगे।’’
निर्वाचन आयोग का शुक्रिया
उन्होंने अपनी पार्टी को नया नाम आवंटित करने तथा चुनाव चिह्न ‘हेलीकॉप्टर’ आवंटित करने के लिए निर्वाचन आयोग का शुक्रिया अदा किया। निर्वाचन आयोग ने अंतरिम कदम के तौर पर मंगलवार को चिराग पासवान और पशुपति कुमार पारस की अगुवाई वाले पार्टी के धड़ों को नाम और चुनाव चिह्न आवंटित किये।
चिराग पासवान नीत खेमे को ‘लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास)’ नाम दिया है
इससे पहले उन्हें लोक जनशक्ति पार्टी का नाम और उसके चुनाव चिह्न ‘बंगला’ का इस्तेमाल करने से रोक दिया गया था। आयोग ने पासवान और पारस को लिखे अलग-अलग पत्रों में कहा कि उसने चिराग पासवान नीत खेमे को ‘लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास)’ नाम दिया है और चुनाव चिह्न ‘हेलीकॉप्टर’ आवंटित किया है।


Download Android App
Download iOS App



