पटना : बिहार में दो दिनों के बाद सीवान जिले में दो महिलाओं के मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के साथ प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 34 हो गयी। वहीं कोरोना वायरस से संक्रमित मुंगेर निवासी एक मरीज की 21 मार्च को मौत हो गयी थी तथा इससे पीड़ित नौ मरीज अबतक ठीक हो चुके हैं ।
बिहार स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने कहा कि 45 और 22 वर्षीय ये दोनों महिलाएं सिवान में पश्चिम एशिया की यात्रा से 21 मार्च को लौटे एवं कोविड-19 से संक्रमित एक रोगी के संपर्क में आयी थीं। यह तत्काल नहीं पता चल पाया है कि वे सभी एक दूसरे के रिश्तेदार हैं या नहीं। बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण का रविवार और सोमवार को कोई नया मामला प्रकाश में नहीं आने के साथ प्रदेश में इस रोग से संक्रमित मरीजों की संख्या गत शनिवार तक 32 थी।
बिहार में अबतक मुंगेर जिले में 7, सिवान में 8, पटना एवं गया में में 5—5, गोपालगंज में 3, नालंदा में 2, लखीसराय, बेगूसराय, सारण और भागलपुर में एक—एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बिहार में अबतक तक कोरोना वायरस के 4351 संदिग्ध नमूने की जांच की जा चुकी है जिसमें से अबतक 4047 निगेटिव पाए गए हैं ।
गौरतलब है कि कतर से लौटे मुंगेर निवासी एक मरीज जिसकी 21 मार्च को पटना एम्स में मौत हो गयी थी, के संपर्क में बीते दिनों में 64 व्यक्ति आए थे जिनमें से 55 के नमूने जांच के लिए आरएमआरआई में भेजे गये थे। उनमें से अबतक 11 कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं। बिहार में कारोना वायरस से संक्रमित नौ मरीज अबतक ठीक हो चुके हैं ।


Download Android App
Download iOS App



