कोरोना वायरस का कहर : तेज प्रताप ने तेजस्वी यादव को पहनाया मास्क साथ ही सैनेटाइजर भी दिया

Summary :

शक्ति यादव ने बताया कि नालंदा जिले के राजगीर में पार्टी कार्यकर्ताओं की दो दिवस प्रशिक्षण कार्यशाला रद्द कर दी गई है।

पटना : राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने शुक्रवार को अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को मास्क पहनाया और ‘सैनेटाइजर’ की एक शीशी दी, जिसका उद्देश्य कोरोना वायरस के संक्रमण से अपने छोटे भाई को बचाना है। बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप अपनी मां एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर बड़े भाई की जिम्मदारी निभाते नजर आए। पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी अपना ज्यादातर समय यहीं बिताते हैं। 
दोनों भाइयों ने मास्क पहन कर तस्वीरें भी खिंचवाई। तेजस्वी यादव ने राज्य के लोगों से सतर्क रहने, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का अनुरोध किया। राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने बताया कि नालंदा जिले के राजगीर में पार्टी कार्यकर्ताओं की दो दिवस प्रशिक्षण कार्यशाला रद्द कर दी गई है।इस बीच, लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने भी अपना राज्यव्यापी दौरा ‘‘बिहार पहले, बिहारी पहले’’ रद्द कर दी है। पार्टी की एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। 

Desk Team