विधानसभा चुनाव के प्रचार के मद्देनजर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार के कहलगांव में बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में एक रैली को संबोधित किया। चुनावी रैली में रक्षामंत्री ने कई मौकों भोजपुरी भाषा का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी के महागठबंधन पर भी भोजपुरी में हमला किया। वहीं चीन मुद्दे पर राहुल गांधी के आरोपों का भी जवाब दिया।
कांग्रेस और आरजेडी के महागठबंधन पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, लालटेन फूट गई है और तेल बह गई है, अब न पंजा का चली और न उनका कोई खेल चली। इसके साथ ही उन्होंने कहा, बिहार में बीजेपी-जेडीयू की जोड़ी ऐसी ही है, जैसे किक्रेट में सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग की ओपनिंग जोड़ी थी।
नीतीश कुमार के समर्थन में बोलते हुए उन्होंने कहा, बिहार में विकास कितना हुआ, इस पर बहस कर सकते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कोई उंगली नहीं उठा सकता है। आयुष्मान भारत योजना को लेकर बोलते हुए उन्होंने कहा, बिहार राज्य में लगभग 25 लाख लोगों को इस योजना के तहत लाभ मिल रहा है। एक समय आएगा जब बिहार में सभी को योजना से स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।
राहुल के आरोपों पर रक्षा मंत्री का जवाब
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर बोलते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल जी कह रहे हैं कि उनकी सरकार आएगी तो चीनी सेना को तीन घंटे में निकाल देगी। मैं इतिहास की बात करना चाहता हूं और उनके सरकार को निंदा करना चाहता हूं, जब उनकी सरकार थी तो उन्होंने क्या किया है। मोदी सरकार एक इंच जमीन भी किसी देश को नहीं लेने देगी।
राजनाथ सिंह ने कहा, कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त किया गया और अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी है।अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का वादा पूरा किया और अब वहां अब भव्य मंदिर निर्माण हो रहा है। जाति, मजहब को लेकर किसी तरह का कोई भेदभाव नहीं किया और तीन तलाक कानून को भी चुटकी बजाकर समाप्त कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



