Shambhavi Chaudhary: बिहार में नवंबर के महीने में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसको लेकर राजनीति गरमा गई है। चुनाव से पहले मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर बवाल मचा हुआ है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आपत्ति को सिरे से खारिज करते हुए इस मुद्दे पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे कांग्रेस की संभावित हार का बहाना बताया है।
शांभवी चौधरी ने कहा, ‘जहां तक हमें याद है, राहुल गांधी ने खुद मतदाता सूची के पुनरीक्षण की मांग की है। यह प्रक्रिया पारदर्शिता और सुचिता के लिए की जाती है, ताकि लोकतंत्र मजबूत हो। अब जब चुनाव नजदीक हैं, तो इस पर आपत्ति जताना यह दर्शाता है कि राहुल गांधी पहले ही हार मान चुके हैं और जनता को जवाब देने के लिए बहाने तैयार कर रहे हैं।’ उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग द्वारा समय-समय पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण कोई असामान्य कार्य नहीं है। यह लोकतांत्रिक जरूरत है, ताकि गलतियों को सुधारा जा सके और निष्पक्ष चुनाव हो सकें।
केजरीवाल की बिहार में एंट्री पर भी उठाए सवाल
शांभवी चौधरी (Shambhavi Chaudhary) ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के बिहार में अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि कोई भी कहीं से चुनाव लड़ सकता है, लेकिन केजरीवाल को यह समझना चाहिए कि दिल्ली में उन्होंने शासन का जो हाल किया है, वह बिहार में नहीं होना चाहिए। उनकी सरकार ने दिल्ली को भ्रष्टाचार, गंदगी और खराब सेवाओं का उदाहरण बना दिया है।’ उन्होंने आगे कहा कि बिहार अब विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और राज्य की जनता केजरीवाल की ‘गंदी राजनीति’ को स्वीकार नहीं करेगी। सांसद ने दो टूक कहा- हमारी उन्हें सलाह है कि वे अपनी राजनीति यहीं तक सीमित रखें, बिहार की जनता उनके झांसे में नहीं आएगी।
पीएम मोदी पर भी बोलीं शांभवी
पीएम मोदी को घाना में सम्मान मिलने पर खुशी शांभवी चौधरी (Shambhavi Chaudhary) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, यह भारतीयों के लिए गर्व की बात है। हमारे प्रधानमंत्री आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। घाना जैसे देश ने उन्हें सर्वोच्च सम्मान दिया है, यह भारत की प्रतिष्ठा को दर्शाता है। शांभवी चौधरी ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ नरेंद्र मोदी के लिए ही नहीं, बल्कि हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा- आज भारत का नेतृत्व एक ऐसे व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है जिसका पूरा विश्व सम्मान करता है।
read also :मोदी सरकार की तैयारी पूरी, जल्द ब्लॉक होंगे देश विरोधी Viral वीडियो और कंटेंट


Download Android App
Download iOS App




