बिहार सरकार ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को ‘‘जेड प्लस’’ सुरक्षा देने का फैसला किया है।एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस आशय का एक परिपत्र बृहस्पतिवार को जारी किया गया था और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) के कमांडो राजद नेता की सुरक्षा में शामिल होंगे।
तेजस्वी को बुलेटप्रूफ कार के साथ “जेड प्लस’’ सुरक्षा
परिपत्र में कहा गया है कि तेजस्वी यादव को ‘‘जेड प्लस’’ सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय राज्य सुरक्षा समिति द्वारा लिया गया । यह परिपत्र पुलिस महानिदेशक को भेजा गया है। यादव को बुलेटप्रूफ कार भी मुहैया कराई गई है।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ‘‘जेड प्लस’’ सुरक्षा में एक पायलट, एक एस्कॉर्ट, नजदीकी सुरक्षा टीम, हाउस गार्ड, स्पॉटर और तलाशी लेने वाले कर्मचारी शामिल हैं।
सुशील मोदी ने ट्वीट कर कसा तंज
राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी ‘‘जेड प्लस’’ सुरक्षा प्रदान की गई है। यादव को ‘‘जेड प्लस’’ सुरक्षा प्रदान करने के राज्य सरकार के फैसले पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘बिहार में 12 साल तक मैं उपमुख्यमंत्री रहा लेकिन सरकार को न मुझे बुलेट प्रूफ गाड़ी देने की जरूरत महसूस हुई, न ही जेड प्लस सुरक्षा की।’’
NDA के डिप्टी सीएम को नहीं पड़ी बुलेटप्रूफ गाड़ी की जरूरत। pic.twitter.com/ylMzbSiQ83
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) August 12, 2022
उन्होंने कहा, ‘‘मामूली सुरक्षा के बीच मैंने पोलो रोड स्थित सरकारी आवास से लंबे समय तक जनता की सेवा की।’’
सुशील मोदी ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘जिनका राजपाट आते ही जनता सहम जाती है, भला उनको किससे इतना खतरा है कि सुरक्षा बढ़ायी जा रही है !’’
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में यादव को जेड प्लस सुरक्षा प्रदान किये जाने का बचाव किया। कुमार ने कहा, ‘‘उन्हें इसका विरोध क्यों करना चाहिए। वह उपमुख्यमंत्री हैं। ’’


Download Android App
Download iOS App



