बिहार राज्य निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की एक टीम ने पथ निर्माण विभाग के कटिहार में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार को पटना स्थित उनके आवास से रिश्वत की पहली किश्त लेते हुए सोमवार को धर दबोचा। ब्यूरो के उपमहानिरीक्षक शंकर झा ने बताया कि कटिहार जिला के कोढा थाना अंतर्गत बिंजी गांव निवासी और परिवादी निखिल कुमार ने शिकायत की थी कि अरविंद कुमार रोड देखभाल कार्य के 83 करोड़ 52 लाख छह हजार रूपये के भुगतान करने के एवज में कुल राशि का एक प्रतिशत यानि 84 लाख रूपये रिश्वत के तौर पर मांग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि निखिल के काफी आग्रह करने पर अरविंद 80 लाख रूपये लेकर बिल का भुगतान करने के लिए राजी हो गए । शंकर ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में ब्यूरो मुख्यालय की टीम ने अरविंद को पटना स्थित उनके आवास पर परिवादी से रिश्वत की प्रथम किश्त के तौर पर 16 लाख रूपये लेते हुए गिरफ्तार किया । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियंता से पूछताछ किए जाने के बाद भागलपुर स्थित निगरानी की अदालत में पेश किया जाएगा ।


Download Android App
Download iOS App



