AIMIM की जीत पर बोले गिरिराज सिंह- बिहार की सामाजिक समरसता के लिए खतरा

Summary :

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उपचुनाव में किशनगंज विधानसभा सीट पर एआईएमआईएम की जीत को बिहार की समरसता के लिए खतरा बताते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों को अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए।

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उपचुनाव में किशनगंज विधानसभा सीट पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम की जीत को बिहार की समरसता के लिए खतरा बताते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रदेश के लोगों को अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। 
बेगूसराय से सांसद सिंह ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘‘बिहार उपचुनाव में सबसे ख़तरनाक परिणाम किशनगंज से उभर कर आया है…. ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम जिन्ना की सोच वाले हैं। वह वंदे मातरम से नफरत करते हैं। उनसे बिहार की सामाजिक समरसता को खतरा है।’’ 
उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। बिहार में पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। इसमें जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपनी चार में से तीन सीटें गंवा दी हैं। एक ओवैसी के पार्टी के हाथों और दो लालू प्रसाद नीत राजद के हाथों। 
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने इस संबंध में कहा, ‘‘यह धर्मनिरपेक्ष दलों की निष्क्रियता और उनकी गलत राजनीति का नतीजा है। ओवैसी की पार्टी अतिवादी विचारों और आपत्तिजनक और उत्तेजना वाले भाषण के लिए जानी जाती है, उसका वहां (किशनगंज) उदय हुआ है।’

Desk Team