एनडीए के शासनकाल में बिहार में हो रहा अच्छा काम : संजय जायसवाल

Summary :

एनडीए शासन में बिहार में हो रहा है तेजी से विकास: संजय जायसवाल

नीतीश सरकार ने बिहार विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश कर दिया है। बिहार सरकार के बजट की भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने तारीफ की। उन्होंने कहा कि एनडीए के शासनकाल में बिहार में अच्छा काम हो रहा है।

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, “लालू प्रसाद यादव की सरकार के समय में 30 हजार करोड़ का बजट हुआ करता था, लेकिन 20 सालों में 3.15 लाख यानी 10 गुना की बढ़ोतरी बजट में हुई है। एनडीए के शासनकाल में अच्छा काम हो रहा है, खासकर एयरपोर्ट, इंफ्रास्ट्रक्चर समेत अन्य नई परियोजनाओं की घोषणाओं से विकास को नई दिशा मिली है।”

उन्होंने तेजस्वी यादव के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बजट को समझना पड़ता है और उसे पढ़ना भी पड़ता है। न वह पढ़ते हैं और न समझते हैं तो अब उस पर क्या कहेंगे।

संजय जायसवाल ने बताया कि आज प्रदेश के परिषद की बैठक है और पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव होगा, उनके नेतृत्व में अगले तीन साल काम किया जाएगा। मेरी नजर में दिलीप जायसवाल का नाम है और वह अध्यक्ष बनेंगे और अगले तीन वर्ष के दौरान भाजपा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।

रोहित शर्मा के फिटनेस पर कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद द्वारा सवाल खड़े किए जाने पर भाजपा सांसद ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद बात है, हर क्रिकेटर का अपना स्टैंडर्ड होता है और उन्होंने वनडे मैच में तीन डबल सेंचुरी बनाई है, जो दिखाता है कि उनके फिटनेस का लेवल कितना हाई है। कांग्रेस की आदत है, अगर देश किसी भी चीज में अच्छा करे तो उसका विरोध करो।

इस साल बिहार का बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का है। बिहार की विकास दर 14.5 प्रतिशत रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.