बिहार के गोपालगंज में भीषण सड़क हादसा, कई स्कूली बच्चे घायल

Summary :

गोपालगंज हादसे में घायल छात्रों की हालत खतरे से बाहर

बिहार के गोपालगंज में मीरगंज थाना क्षेत्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 531 पर एक स्कूल बस और यात्री बस की भीषण टक्कर में छह छात्र घायल हो गए। सभी घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

बिहार के गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक स्कूल और यात्री बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई छात्र घायल हो गए हैं। बताया गया कि इस हादसे में छह छात्र घायल हुए हैं। सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना मीरगंज थाना क्षेत्र के छाप गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 531 पर हुई।

सिवान के अमलोरी सरसर स्थित एक निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर मीरगंज से स्कूल जा रही थी, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक यात्री बस से टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब छह छात्र घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद सिवान सदर अस्पताल भेज दिया गया है।घटना की सूचना पर मीरगंज पुलिस और हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हादसे के बाद स्कूल बस के परखच्चे उड़ गए।

भीषण सड़क हादसा

हादसा होने के बाद एनएच-531 पर कुछ देर के लिए जाम लग गया, जिससे कई वाहन देर तक जाम में फंसे रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। घायल बच्चों में किसी के हाथ के तो किसी के चेहरे और पैर में चोट लगी है। हथुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि घायल बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि यात्री बस काफी तेज रफ्तार में थी और सीधे आकर स्कूल बस में टक्कर मार दी। इस घटना में जनहानि की सूचना नहीं है।

National Herald Case: कोर्ट में ईडी का बड़ा बयान, लपेटे में आए राहुल-सोनिया गांधी

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.