बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को चुनाव प्रचार के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यो को रेखांकित किया और कहा कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दोबारा सत्ता में आया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष कदमों से बिहार आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शुमार होगा।
समस्तीपुर और बगहा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने अपने संबोधन के दौरान नरेंद्र मोदी की भूरि भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘ मोदीजी के विशेष कदमों से बिहार आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शुमार होगा।’’
बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश के विकास के लिए काम किया है और बिहार के विकास के लिए विशेष मदद की है। उन्होंने केंद्र के सहयोग से लागू परियोजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से हम बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जायेंगे।
कुमार ने लोगों से राजग को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नीतीश कुमार को अपना ‘मित्र और भावी मुख्यमंत्री’ संबोधित किया और कहा कि वे उनका अभिनंदन और स्वागत करते हैं।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजद नीत महागठबंधन के साथ जबर्दस्त मुकाबले में ऐसा माना जा रहा है कि 15 वर्ष तक मुख्यमंत्री रहने के कारण नीतीश कुमार के खिलाफ सरकार विरोधी कारक हो सकते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को चुनावी समर में मोदी के प्रभाव से फायदा मिलने की उम्मीद है।
बहरहाल, बिहार में चुनावी रैली में नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि पति-पत्नी के दौर में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में शाम पांच बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल होता था लेकिन अब हर गांव तक सुरक्षा और हर घर तक विकास पहुंचा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ पहले कोई घर से बाहर नहीं निकल पाता था हमने चंपारण में शांति कायम की।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें जब भी काम करने का मौका मिला है, हमने सेवा की है। कुछ लोग अपने परिवार की सेवा करते हैं और हमारे लिए पूरा बिहार एक परिवार है।’’
कुमार ने कहा, ‘‘ हमने अनेक नीतियों से महिलाओं को सशक्त बनाया है और ये महिला सशक्तिकरण का ही नतीजा है कि आज हमारी सभा में इतनी महिलाएं उपस्थित हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



