बिहार चुनाव की मतगणना में सत्तारूढ़ राजग को बढ़त मिलने के रुझानों के बीच जदयू ने मंगलवार को विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर सरकार बनाएगा। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों के अनुसार 243 सीटों में से राजग 122 सीटों पर आगे चल रहा है जबकि विपक्षी महागठबंधन 102 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।
मतगणना के रुझानों में भाजपा 72 सीटों पर आगे चल रही है जबकि सहयोगी जदयू 46 सीट पर और वीआईपी पार्टी 7 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। महागठबंधन से राजद 62 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 21 सीटों पर भाकपा-माले 13 सीटों पर, भाकपा 3 और माकपा 2 सीट पर आगे चल रही है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं लम्बे समय से कहता रहा हूं कि राजग राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाएगा। विपक्ष ने मतदाताओं को लुभाने के लिये गुमराह करने का अभियान चलाया।’’
जब उनसे पूछा गया कि सरकार का नेतृत्व भाजपा या जदयू में से कौन करेगा, इस पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कई मौकों पर पूरी तरह से स्पष्ट किया है कि कौन सरकार बनाएगा।
बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने हालांकि मीडिया से प्रतिक्रिया के लिए शाम 5 बजे तक इंतजार करने को कहा है।


Download Android App
Download iOS App



