कन्हैया कुमार पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में नागरिकता संशोधन कानून, एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ ‘जन-गण-मन यात्रा’ शुरू करने पहुंचे। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाकपा नेता कन्हैया कुमार को आज जब सभा की इजाजत नहीं मिली तब वह धरना पर बैठ गये।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी नेता कन्हैया कुमार बेतिया के गांधी मैदान में सभा करने वाले थे। बेतिया प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और सरस्वती पूजा को देखते हुए उन्हें रैली करने की इजाजत नहीं दी। जब कन्हैया भितिहरवा स्थित गांधी आश्रम में महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद सभा के लिए आगे जा रहे थे तब पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद वह वहीं भाषण देने लगे। जिसके बाद अनुमंडलाधिकारी चंदन कुमार सिंह ने उन्हें भाषण देने से मना कर दिया।
इसपर उनके समर्थक हंगामा करने लगे और इसी दौरान कन्हैया कुमार अपने वाहन पर खड़े होकर लोगों को संबोधित करने लगे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें कुछ देर के लिए हिरासत में ले लिया। इससे नाराज कन्हैया कुमार के समर्थक गांधी आश्रम के बाहर हंगामा करने लगे। नाराज समर्थक ‘दम है कितना दमन में तेरे देख लिया है देखेंगे’ के नारे लगा रहे थे।
इस बारे में कन्हैया कुमार ने कहा कि उन्होंने पहले ही प्रशासन को सूचना दे दी थी कि वह गुरुवार से ‘जन गण मन यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं। आज जब वह यहां पहुंचे तब प्रशासन की ओर से उन्हें जानकारी दी गयी कि शहर में कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने सभा को कल रात रद्द करने का आदेश दे दिया है।


Download Android App
Download iOS App



