BJP नेता की पोस्ट को लेकर CM नीतीश पर भड़के लालू, क्या यह भवन भी संघ को गिरवी रखेंगे?

Summary :

संजय जायसवाल ने हाल ही में विधानसभा भवन के शताब्दी वर्ष समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कुछ तस्वीरों के साथ इसको लेकर एक पोस्ट भी किया, जिसपर बवाल शुरू हो गया।

बिहार विधानसभा के शताब्दी वर्ष के मद्देनजर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने हाल ही में विधानसभा भवन के शताब्दी वर्ष समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कुछ तस्वीरों के साथ इसको लेकर एक पोस्ट भी किया, जिसपर बवाल शुरू हो गया। 
जायसवाल ने ट्विटर कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि स्पीकर विजय कुमार सिन्हा और भीखू भाई दलसनिया के साथ बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी वर्ष तैयारियों का जायजा लिया। उनके इस पोस्ट पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने नीतीश कुमार को घेरा।


आरजेडी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “नीतीश कुमार RSS के सामने नाक रगड़ कर रेंग रहे है। किसी ऐरे-गैरे संघी और भाजपाई की क्या हैसियत कि वो बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह की तैयारियों का जायजा लेंगे और निरीक्षण करेंगे। नीतीश बताएँ कि संजय जायसवाल और भीखू भाई दलसनिया किस हैसियत से तैयारियों की देख-रेख कर रहे है?”

आरजेडी के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लालू ने कहा, “अति गंभीर और विचारणीय! भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री किस क्षमता से बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह की तैयारियों का जायजा ले रहे है? ये दोनों तो इस सदन के सदस्य भी नहीं है। यह कोई संघ और भाजपा का भवन है क्या? नीतीश कुमार, क्या यह भवन भी संघ को गिरवी रखेंगे?”
दरअसल, संजय जायसवाल ने रविवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि आज बिहार विधानसभा के मा. अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा और संगठन महामंत्री   भीखू भाई दलसनिया के साथ बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी वर्ष समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। समारोह के अविस्मरणीय पलों का साझी महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी भी बनेंगे।

Desk Team