सोशल मीडिया पर वायरल हुआ छठ पर छुट्टी के लिए शपथ पत्र, बिहार पुलिस ने कहा- फेक है लेटर

Summary :

बिहार के साथ भारत के कई राज्‍यों में दिवाली के बाद अब छठ पूजा के महापर्व की जोरों-शोरों से तैयारी शुरु हो गई है। लोग अपने घर इस त्योहार पर किसी तरह से पहुंचना चाहते हैं।

बिहार के साथ भारत के कई राज्‍यों में दिवाली के बाद अब छठ पूजा के महापर्व की जोरों-शोरों से तैयारी शुरु हो गई है। लोग अपने घर इस त्योहार पर किसी तरह से पहुंचना चाहते हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैंं जिन्हें छुट्टी छठ मनाने के लिए नहीं मिल पाई है और इसके लिए वह कई तरीके अपना रहे हैं। 
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक शपथ पत्र वायरल हो रहा है। यह मामला समस्तीपुर के एक पुलिस केंद्र का बताया जा रहा है जिसमें छठ पूजा की छुट्टी ना मिलने पर शपथ पत्र लिखा है। इन दिनों सोशल मीडिया पर समस्तीपुर के पुलिस केंद्र का यह शपथ पत्र जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। 
इस पत्र में लिखा गया है कि छठ पूजा की छुट्टी के लिए समस्तीपुर के पुलिस अवर निरीक्षक श्रीनारायण सिंह ने एक शपथ पत्र भरा है जिसमें उन्होंने शपथ ली है कि छठ पूजा का पर्व वह पिछले 40 सालों से मना रहे हैं और यह बात अगर उनकी गलत हुई तो उनके परिवार पर छठ मैय्या विपत्ति लें आएंगी। 
जांच हो रही है इस मामले की
जब इस वायरल शपथ पत्र की जांच की गई तो उसमें पता चला कि यह शपथ पत्र जो पुलिस अवर निरीक्षक श्रीनारायण सिंह के नाम पर वायरल हो रहा है वह समस्तीपुर के पुलिस केंद्र में ही पदस्‍थापित हैं। इस वायरल शपथ पत्र के बाद उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी शपथ नहीं ली है साथ ही एसपी ऑफिस में एक लिखित पत्र उन्होंने एसपी के नाम पर भी भेज दिया है। 
इस मामले में अभी तक किसी ने पुष्टि नहीं की है और ना ही मीडिया के सामने आकर बात की है। इस मामले पर जब समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक  विकास बर्मन से बात हुई तो उन्‍होंने कहा कि छठ पूजा पर छुट्टी न देने का आदेश मुख्यालय से आया है और ऐसे में शपथ पत्र पर छुट्टी देने का सवाल वैसे भी नहीं आता है। एसपी विकास बर्मन ने आगे कहा कि इस तरह का शपथ पत्र सोशल मीडिया पर किसी शरारती तत्वों के जरिए वायरल किया है और पुलिस इसकी जांच में लगी हुई है। 

Desk Team