पटना : जनता दल युनाइटेड के प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने शनिवार को कहा कि महागठबंधन तो अभी से ही आईसीयू में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में टिकट पाने वालों को तो झारखंड की राजधानी रांची जाकर होटवार जेल से टिकट फाईनल करवाना है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव जी के पुत्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव जी तो अनुकंपा की राजनीति कर रहे हैं उन्हें यह अधिकार नहीं कि वे गठबंधन की पार्टियां और टिकट तय करें।
उन्होंने कहा कि टवीटर बउआ केवल ट्वीट कर अपनी ज्ञान क्षमता के मुताबिक बात रख सकते हैं परंतु महागठंधन में सबकुछ तय होटवार जेल से ही होना है, जहां भ्रष्टाचार के आरोप में लालू प्रसाद जी सजा काट रहे हैं। होटवार जेल में ही आवेदनों पर हरा और लाल कलम से हस्ताक्षर होना है। सबसे दुर्भाग्य कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टी का है। कहने को तो यह सबसे पुरानी पार्टी है परंतु दुर्भाग्य देखिए बिहार में यह पार्टी राजद की बी. टीम बनकर रह गई है। इनका भी टिकट होटवार जेल से ही तय हो रहा है।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन में जीतन राम मांझी जी की पार्टी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा भी शामिल है। मांझी जी ना केवल बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं बल्कि अनुभव और योग्यता में भी आगे हैं, परंतु दुर्भाग्य देखिए, इन्हें भी या तो होटवार जेल में जाकर चरणवंदना करना पड़ रहा है या फिर अनुकंपा की राजनीति कर रहे तेजस्वी प्रसाद जी की चापलूसी करनी पड़ रही है।


Download Android App
Download iOS App



