बिहार की राजधानी पटना में आज जमकर बवाल हो रहा है। शुक्रवार सुबह अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास तेज रफ़्तार बस की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की जान चली गई। इस हादसे से आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया, जमकर हंगामा किया और एक-एक करके बस समेत खाली वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरा का माहौल हो गया।
तेज रफ्तार बस की चपेट में आया युवक
वहां मौजूद लोगों का कहना है कि पहाड़ी मोहल्ला निवासी मनीष उर्फ उपेंद्र सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही आक्रोशित भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
आक्रोशित भीड़ ने फूंकी बस
युवक की मौत के बाद लोगों ने छोटी पहाड़ी चौराहा को घेर लिया और पहाड़ी चौराहा के पास सड़क को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए भारी हंगामा किया। इसकी वजह से नेशनल हाईवे पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। लोगों ने दुर्घटना में शामिल बस को घेरकर उसमें आग लगा दी। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम पहुंची, लेकिन लोगों ने उनका विरोध किया जिसके बाद दमकलकर्मी वापस लौट गए।
उपद्रवियों ने पुलिस पर की पत्थरबाजी
भीड़ ने सिर्फ दुर्घटना करने वाली गाड़ी को फूंका, बल्कि आसपास के 4-5 अन्य वाहनों को भी आग लगा दी। उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस और उपद्रवियों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, इसके बाद स्थिति और ज्यादा तनावपूर्ण हो गई। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और हिंसा में शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है।
Also Read: दिल्ली में बारिश बनी आफत, मॉडल टाउन में मकान की दीवार गिरी, 9 गाड़ियां मलबे में दबी


Download Android App
Download iOS App




