राबड़ी देवी ने बिहार की जनता से की गुजारिश, कहा- जान बचानी हो तो जरूरी काम से ही निकलें बाहर

Summary :

राबड़ी देवी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बिहार में महाजंगलराज के महाराजा द्वारा मनोनीत अपराधियों का तांडव राज है।

बिहार में बढ़ते आपराधिक मामलों को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी ने सोमवार को राज्य की सरकार को घेरा, साथ ही बिहारवासियों से घर में ही रहने की अपील की। पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बिहार में महाजंगलराज के महाराजा द्वारा मनोनीत अपराधियों का तांडव राज है। आमजन सावधानीपूर्वक अति जरूरी काम से ही घर से बाहर निकलें। सत्ता संरक्षित संगठित अपराधी कभी भी गोली मारकर किसी की भी हत्या कर सकते हैं। जनहित में जारी। 

बता दें कि पिछले कुछ दिनों में राज्य में आपराधिक घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है। बिहार में रोजाना अमूमन सभी जिलों में अपराधी हत्या, लूट, चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इस बीच विपक्ष लगातार राज्य में अपराध कंट्रोल को लेकर सरकार को घेर रही है। पिछले दिनों आरजेडी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी ट्वीट कर अपराध नियंत्रण के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा था।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि बिहार में लूट, अपहरण और हत्या की बहार है क्योंकि अपराधियों को महाजंगलराज के महाराजा का संरक्षण प्राप्त है। वहीं, उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनौती दी थी कि वे उनसे अपराध के मुद्दे पर डिबेट कर लें। बता दें कि केवल विपक्ष ही एनडीए की सहयोगी दल बीजेपी ने भी राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे, जिसके बाद सियासी बवाल मच गया था।

Desk Team