बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण में 94 सीटों के लिए मतदान जारी है। इस बीच, कांगेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि इन दोनों ने मिलकर बिहार को लूटा है। यही कारण है कि बिहार के लेागों ने बदलाव का मन बना लिया है।
कटिहार के कोढ़ा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कोरोना काल की चर्चा करते हुए कहा कि लाखों मजदूर पैदल भूखे-प्यासे ही अपने घर आ रहे थे, लेकिन कोरोना संकट में मोदी ने मजदूरों की मदद नहीं की। उनकी सरकार थी, लेकिन मजदूरों को छोड़ दिया गया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जितना हो सका इन मजदूरों की मदद की।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार को लूटा है। ये बात यहां के लोगों ने समझ ली है और बदलाव का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की जो सरकार बनेगी वह किसी जाति या धर्म, वर्ग की नहीं होगी वह पूरे बिहार की सरकार होगी। गरीबों, मजदूरों की सरकार होगी। राहुल गांधी ने नोटबंदी की भी चर्चा करते हुए कहा कि नोटबंदी के समय कहा गया था कि कालेधन के खिलाफ लड़ाई है। लेकिन आम लोगों को बैंक के सामने खड़ा कर दिया गया।
उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक लोगों को रोजगार नहीं मिला। आज भी यहां के किसानों को अन्य राज्यों में पलायन करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बाढ़ की समस्या है। यहां धान की पैदावार काफी होती है, लेकिन प्रोसेंसिंग के लिए कुछ भी नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



