पटना : भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचन के बाद सोमवार को बिहार विधान सभा में पटना के आयुक्त से जीत का प्रमाणपत्र लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, अपनी पार्टी भाजपा, विपक्षी पार्टियों व उन सभी का आभार व्यक्त किया जिन सदस्यों ने उनके नामांकन पत्र पर प्रस्तावक के तौर पर हस्ताक्षर किया था।
उन्होंने कहा कि राज्य सभा में वे जहां बिहार के मुद्दों को प्रमुखता से उठायेंगे वहीं केन्द्र सरकार और उसके विभिन्न मंत्रालयों से बिहार को अधिक से अधिक मदद दिलाने की कोशिश भी करते रहेंगे। श्री मोदी ने निर्विरोध निर्वाचन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए विपक्ष का भी आभार जताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री को विशेष तौर पर धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने नामांकन और आज प्रमाण पत्र हस्तगत करने के दौरान उपस्थित होकर हौसला बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें बिहार विधान सभा में मुख्य सचेतक, विस और विप में नेता प्रतिपक्ष, उपमुख्यमंत्री और भागलपुर से सांसद के तौर पर बिहार की जनता की सेवा करने का जो मौका दिया, उसके लिए कृतज्ञ हूं।
एक बार फिर पार्टी ने उन्हें देश की उच्च सदन राज्य सभा में भेज कर बिहार वासियों की सेवा का अवसर दिया है। हर क्षण पार्टी और बिहार की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।


Download Android App
Download iOS App



