राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने कोरोना वायरस (कोविड-19) के खिलाफ लड़ाई में पहल करते हुए राज्य सरकार से उन्हें आवंटित सरकारी आवास का इस्तेमाल पृथक केन्द्र या परिक्षण केंद्र के रूप में कर सकती है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना एक महीने का वेतन देने का ऐलान किया है।
इसके साथ ही उन्होंने ट्वीट कर लिखा, इस घड़ी में सभी सामर्थ्यवान राज्यवासी ज़िम्मेदारी से अपना कर्तव्य निभाएँ। साथी बिहारवासियों के जीवन सुरक्षा का ज़िम्मा लें। जितना बन सके, उतना करें। मास्क, हैंड सेनेटाइजर और ज़रूरी वस्तुओं की कालाबाज़ारी ना करें। बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद के नेता तेजस्वी ने कहा कि कोरोना से लड़ेंगे, मिलकर उसे हराएँगे और बिहार को सुरक्षित बनाएँगे।
बता दें कि बिहार में कोरोना वायरस से एक मौत हो चुकी है। बिहार सरकार ने कोराना वायरस के बढ़ते संक्रमण से आम लोगों की सुरक्षा के लिए 31 मार्च तक राज्य में लॉकडाउन का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना संकट को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से 31 मार्च 2020 तक सभी जिला मुख्यालयों, अनुमंडल मुख्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों एवं सभी नगर निकायों के लॉकडाउन का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान अनिवार्य एवं आवश्यक सेवाएं बहाल रहेंगी।


Download Android App
Download iOS App



