कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर ऐसे काम करने का आरोप लगाया है जो लोकतंत्र के खिलाफ हैं, जैसे विपक्षी नेताओं पर हमला करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करना। खड़गे ने ट्वीट कर कहा, मोदी सरकार, विपक्षी नेताओं पर ईडी-सीबीआई का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या का कुत्सित प्रयास कर रही है। खड़गे ने कहा, जब देश से भगोड़े करोड़ों लेकर भागे तब मोदी सरकार की एजेंसियां कहां थीं? जब परम मित्र की संपत्ति आसमान छूती है तो जांच क्यों नहीं होती? इस तानाशाही का जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।

अब पानी सिर के ऊपर से चला गया है- खड़गे
उन्होंने कहा, पिछले 14 घंटे से मोदी जी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के घर पर ईडी बैठा रखी है। उनकी गर्भवती पत्नी और बहनों को सताया जा रहा है। लालू प्रसाद जी बुजुर्ग हैं, बीमार हैं, तब भी मोदी सरकार ने उनके प्रति मानवता नहीं दिखाई। अब पानी सिर के ऊपर से चला गया है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार पर हुई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद खड़गे का बयान आया है।
आरजेडी नेताओं के परिसरों में छापेमारी की
ये छापेमारी दक्षिणी दिल्ली के उस घर में हुई, जहां लालू यादव के बेटे और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मौजूद थे। इसके साथ ही ईडी ने बिहार के कई शहरों में भी लालू प्रसाद यादव के परिवार और आरजेडी नेताओं के परिसरों में छापेमारी की। वहीं बीते सोमवार को पटना में सीबीआई की टीम ने राबड़ी देवी से चार-पांच घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद अगले दिन मंगलवार को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से भी दिल्ली में करीब 2.30 घंटे तक पूछताछ की गई थी।


Download Android App
Download iOS App



