पटना में नामी उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या, शहर में मचा हड़कंप

Summary :

पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है. शहर के प्रसिद्ध कारोबारी और समाजसेवी गोपाल खेमका की अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है . यह घटना रामगुलाम चौक के पास होटल पनाश के पास हुई. जानकारी के अनुसार, रात लगभग 11:45 बजे खेमका अपने घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और सिर में गोली मार दी. गोली लगने के बाद खेमका वहीं गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. उन्हें नजदीकी मेडिवर्सल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन…

पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है. शहर के प्रसिद्ध कारोबारी और समाजसेवी गोपाल खेमका की अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है . यह घटना रामगुलाम चौक के पास होटल पनाश के पास हुई. जानकारी के अनुसार, रात लगभग 11:45 बजे खेमका अपने घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और सिर में गोली मार दी. गोली लगने के बाद खेमका वहीं गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. उन्हें नजदीकी मेडिवर्सल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस को घटनास्थल से एक कारतूस और एक खोखा मिला है. इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है. पुलिस का मानना है कि हत्या को बहुत ही सोच-समझकर और योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है. सीनियर अधिकारियों के अनुसार, इसमें पेशेवर अपराधियों का हाथ हो सकता है.

गोपाल खेमका की मौत से शोक की लहर

गोपाल खेमका शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायियों में गिने जाते थे. वे न केवल एक सफल उद्योगपति थे बल्कि समाजसेवी के रूप में भी उनकी पहचान थी. वह मगध अस्पताल के मालिक भी थे. उनकी हत्या से पूरे शहर में दुख और आक्रोश का माहौल है. कई व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने उनकी हत्या की कड़ी निंदा की है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

पिछले में भी बेटा बना था शिकार

यह पहली बार नहीं है जब खेमका परिवार को इस तरह की त्रासदी झेलनी पड़ी है. साल 2018 में गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की भी हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस समय भी व्यवसायिक दुश्मनी या व्यक्तिगत रंजिश की बात सामने आई थी.

पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि वे जमीन विवाद, व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा और व्यक्तिगत दुश्मनी जैसे सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं. फिलहाल एफआईआर दर्ज कर ली गई है और तकनीकी सबूतों के आधार पर छानबीन की जा रही है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पटना जैसे बड़े शहर के बीचों-बीच इस तरह की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. भीड़भाड़ वाले इलाके में ऐसी घटना से आम लोगों में भय और चिंता का माहौल है. पुलिस द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और मामले की गंभीरता से जांच हो रही है. फिलहाल लोग उम्मीद कर रहे हैं कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई करेगी और मृतक के परिवार को न्याय दिलाएगी.

यह भी पढ़ें-‘चुनाव न लड़ने से होगा फायदा…’, AIMIM को RJD से लगा झटका, अब क्या करेंगे ओवैसी

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।