राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी अगरबत्ती कंपनी एलआर राधा कृष्णा में काम करने वाले कर्मी आशीष रंजन के खिलाफ थाने में पुलिस से शिकायत की है। आशीष पर आरोप है कि जिस 71 हजार रुपये को कंपनी के खाते में जाना था, उसे आशीष ने अपने खाते में धोखे से मंगवा लिया। उन्होंने कर्मी के ऊपर कानूनी कार्रवाई करने की बात अपनी शिकायत में लिखी है।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि पैसे लेने के बाद आशीष रंजन अपने घर से गायब है। उसने धोखे से 71,650 रुपये ले लिए हैं। तेज प्रताप यादव ने इस साल जुलाई के पहले सप्ताह में पटना के दानापुर इलाके में अगरबत्ती बनाने की इकाई शुरू की थी। एसके पुरी थाने के एसएचओ ने कहा कि हमें तेज प्रताप यादव की ओर से शिकायत मिली है। फिलहाल जांच जारी है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं इस पूरे मामले में थानेदार सतीश सिंह ने बताया कि उन्हें एक कॉल आया था, जिसमें इस मामले की जानकारी दी गयी। उस कर्मी का नंबर भी पुलिस को दिया गया। लेकिन जब पुलिस ने आशीष से बात की तो उसने कहा कि वह शाम से ही कंपनी के खाते में पैसा ट्रांसफर करने की कोशिश कर रहा है। तकनीकी कारणों से रुपये ट्रांसफर नहीं हो पा रहे थे। पुलिस के मुताबिक इस मामले में की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



