बिहार विधानसभा में हंगामा, राजद विधायक ‘बेईमान’ शब्द कहने पर घिरे बिहार विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार को भी हंगामदार रहा। विपक्षी सदस्यों ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर जमकर हंगामा किया। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेन्द्र ‘बेईमान’ कहकर बुरी तरह घिर गए। बाद में उन्हें यह शब्द वापस लेना पड़ा।
विधानसभा में मानसून सत्र का चौथा दिन भी हंगामेदार रहा। गुरुवार को सदन की कार्यवाही प्रारंभ होने के बाद विपक्षी सदस्यों ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर हंगामा प्रारंभ कर दिया। भाकपा (माले) के सदस्य वेल के करीब पहुंच गए। बाद में अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के लगातार कहे जाने के बाद सभी सदस्य अपने स्थान पर वापस लौट गए।
इधर, सदन में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने ‘बेईमान’ शब्द का इस्तेमाल कर दिया, जिससे वे बुरी तरह घिर गए। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा नाराज हो गए और इस शब्द को वापस लेने को कहा। भाई वीरेंद्र के पक्ष में विधायक ललित यादव भी खड़े हो गए। इस दौरान भाई वीरेंद्र ने बैठे-बैठे शब्द वापस लेने की बात कही, विधानसभा अध्यक्ष खड़े होकर अपनी बात कहने को कहते रहे।
इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी बीच-बचाव में आए। उन्होंने अध्यक्ष से माफ करने का आग्रह किया और किसी तरह उनका गुस्सा शांत कराया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता पक्ष के मंत्री हो या फिर विपक्ष के विधायक, किसी को भी ऐसी टिप्पणी करने की इजाजत नहीं होगी। उन्हें अपने शब्द वापस लेने होंगे।


Download Android App
Download iOS App



