बढ़ती महंगाई के विरोध में बिहार की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और कार्यकर्ता लगातार दूसरे दिन सोमवार को सड़क पर उतरे। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधा और जमकर प्रदर्शन किया। राजद के कार्यकर्ताओं ने सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया और केंद्र तथा राज्य के खिलाफ में जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान कई जगहों पर टमटम और बैलगाड़ी के साथ लोग प्रदर्शन में शामिल हुए। पटना में राजद के नेता तेजस्वी यादव भी महंगाई के विरोध में सरकार पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी कीमतों से जनता त्रस्त है और सरकार बेफिक्र है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “महंगाई ने जनता की रीढ़ तोड़ दी, लोग भूख से मर रहे हैं और सरकार बेफिक्र है।”
उन्होंने कहा कि राजद सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाएगी। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अच्छे दिनों वाली रिकॉर्ड तोड़ महंगाई के खिलाफ रविवार को बिहार के सभी प्रखंडों में कार्यक्रम अति सफल रहा। उन्होंने कहा कि सोमवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर महंगाई के खिलाफ हल्ला बोला जा रहा है। इधर, पूर्वी चंपारण में लोग प्रदर्शन के दौरान रसोई गैस सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरे, वहीं वैशाली जिले में लोग बैलगाड़ी रैली निकाली।
सहरसा जिले में महंगाई के खिलाफ बड़ी संख्या में राजद के महिला कार्यकर्ता सड़क पर उतरी और महंगाई को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। भोजपुर, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, लखीसराय में भी राजद कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और महंगाई और बेराजगारी के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में अब महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ लड़ाई प्रारंभ हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



