यूपी: कोरोना महामारी के मद्देनजर योगी सरकार ने बकरीद के लिए जारी किए दिशा-निर्देश

Summary :

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को बकरीद पर्व के मद्देनजर सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

इस साल देश में बकरीद का त्यौहार 21 जुलाई को मनाया जाएगा। ऐसे में देश में जारी कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बने हुए माहौल में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार को कुछ दिशा-निर्देशों को जारी किया है, जिसे हर हाल में मानना ही होगा।
योगी सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को बकरीद पर्व के मद्देनजर सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। योगी ने निर्देश दिए कि कोविड महामारी को देखते हुए पर्व से जुड़े किसी आयोजन में एक समय में 50 से अधिक लोग एक स्थान पर एकत्र नहीं हों। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी गोवंशीय पशु, ऊंट और अन्य किसी प्रतिबंधित जानवर की कुर्बानी नहीं हो।
उन्होंने कहा कि कुर्बानी का कार्य सार्वजनिक स्थान पर नहीं किया जाए। इसके लिए चिन्हित स्थलों और निजी परिसरों का ही उपयोग हो। इस दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। गौरतलब है कि बकरीद का पर्व पैगंबर हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम द्वारा अल्लाह के प्रति अगाध प्रेम और त्याग की भावना को याद करते हुए मनाया जाता है। इस बार यह त्यौहार 21 जुलाई को मनाया जाएगा।

Desk Team