पटना : राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह प्रदेश अध्यक्ष, चंद्रप्रकाश सिंह ने बयान जारी कर कहा है कि जन वितरण प्रणाली के तहत चल रहे खुदरा विक्रेताओं को सभी प्रखंड मुख्यालय स्थित राज्य खाद्य निगम के गोदामों से इस कोरोना महामारी के दौरान अनाज पहुंचाने के काम में लगे करीब दस हजार मजदूरों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दी जा रही है।
इन मजदूरों से सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक काम लिया जा रहा है। इनके कार्यस्थल पर कोरोना से बचाव का कोई उपाय नहीं किया गया है। मास्क, साबुन, सैनिटाइजर, पीने का पानी एवं खाने आदि की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत इन मजदूरों को बीमा कवर भी नहीं दिया गया है।
सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इन बातों से अवगत कराते हुये मांग की है कि अपने और अपने परिवार का जान जोखिम में डालकर दिन रात काम करने वाले मजदूरों के साथ पशु जैसा व्यवहार न हो और इन्हें न्यूनतम मजदूरी के अतिरिक्त वर्तमान दिशा निर्देशानुसार सभी सुविधायें दी जाये।


Download Android App
Download iOS App



