बिहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मदर डेयरी प्लांट के पास गुरुवार को एक संदिग्ध विस्फोटक पड़ा हुआ मिला। यह संदिग्ध वस्तु एक टाइम बम जैसा लग रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि फिलहाल पुलिस नहीं कर रही है। मोतिहारी के सहायक पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया, ‘बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है, उसके द्वारा जांच के बाद ही बताया जा सकता है कि यह बम या विस्फोटक है या नहीं? अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी है।’ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 के किनारे मदर डेयरी गेट से 100 गज की दूरी पर संदिग्ध विस्फोटक को एक झोपड़ी में रखा गया था।
इस झोपड़ी में पहले चाय की दुकान थी, जो फिलहाल बंद है। ग्रामीणों की नजर इसपर पड़ने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बरामद वस्तु टाइम बम जैसा प्रतीत हो रहा है, जिसमें बेल्ट भी बंधा हुआ है। विस्फोटक मिलने की खबर से इलाके में दहशत फैल गई। लोगों को झोपड़ी से दूर रखा गया है तथा पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



