बिहार विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही के दौरान सोमवार को विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सत्ता पक्ष के एक विधायक के मंत्री बनने पर ही सवाल उठा दिए। तेजस्वी ने सत्ता पक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि आपलोगों को कैसे मंत्री बना दिया गया। इसके बाद सत्ता पक्ष के विधायक खड़े हो गए और तेजस्वी का जमकर विरोध किया।
बिहार विधानसभा की सोमवार की कार्यवाही चल रही थी। इसी बीच गन्ना विभाग के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न का जवाब मंत्री प्रमेाद कुमार दे रहे थे। इस दौरान विपक्ष के नेता तेजस्वी ने बीच में ही टोक दिया और उनके मंत्री बनने पर ही सवाल खड़े कर दिए। सवाल के जवाब के बीच में ही तेजस्वी ने सत्ता पक्ष की तरफ इशारा करते हुए कहा, “अरे यार, गजब करते हैं। आपलोगों को कैसे मंत्री बना दिया। जवाब देने आता नहीं। कौन-कौन कहां-कहां से आ जाते हैं, यार।”
इसके बाद उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद खड़े हो गए और कहा कि यह गलत परंपरा की शुरूआत हो रही है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष की ओर मुखातिब होकर कहा, “मंत्रियों के बारे में गलत बोल रहे हैं। हम यहां जलील होने के लिए नहीं आते हैं। ये तो गलत परंपरा की शुरूआत है। हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। ऐसे सदन नहीं चल सकता है।” इधर, पूर्व मंत्री और भाजपा के सदस्य नंदकिशोर यादव ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह सही नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



