ग्राहक देवो भव : उपभोक्ताओं के अधिकार सुनिश्चित करने को अनेक कदम उठा रही सरकार – पीयूष गोयल

Summary :

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार उपभोक्ताओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए अनेक कदम उठा रही है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार उपभोक्ताओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए अनेक कदम उठा रही है। उन्होंने यह बात विश्व उपभोक्ता दिवस पर कही। दुनियाभर में उपभोक्ताओं के अधिकारों और उनकी आवश्यकताओं के संबंध में जागरूकता फैलाने के लिए हर साल 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के रूप में मनाया जाता है। 
केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, रेलवे, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक ट्वीट के जरिए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार उपभोक्ताओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए अनेक कदम उठा रही है और दक्षता के साथ उनकी सारी चिंताओं का समाधान कर रही है।”

इस साल विश्व उपभोक्ता दिवस की थीम ‘प्लास्टिक प्रदूषण से निपटना’ है। धरती पर प्लास्टिक से होने वाला प्रदूषण एक बड़ी समस्या है। लिहाजा, प्लास्टिक के इस्तेमाल को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के मकसद से कंज्यूमर इंटरनेशनल द्वारा इस थीम के साथ विश्व उपभोक्ता दिवस 2021 मनाया जा रहा है। भारत में 24 दिसंबर को ‘राष्ट्रीय उपभोक्ता अधिकार दिवस’ मनाया जाता है। 

Ujjwal Jain