बिहार चुनाव : नामांकन से पहले तेजस्वी ने दोहराई सरकार बनने पर 10 लाख युवाओं को नौकरी देने वाली बात

Summary :

तेजस्वी यादव ने कहा, यदि हम राज्य में सरकार बनाते हैं, तो पहली कैबिनेट मीटिंग में हम जो पहली चीज करेंगे, वह है 10 लाख युवाओं को नौकरी देना।

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आरजेडी नेता तेजप्रताप यादव के बाद बिहार में महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव आज अपना नामांकन भरेंगे। नामांकन से पहले तेजस्वी ने राज्य में सरकार बनने पर पहली कैबिनेट मीटिंग में 10 लाख युवाओं को नौकरी देने वाली बात को दोहराया। इसके साथ ही उन्होंने कई ट्वीट भी किए।
तेजस्वी यादव ने कहा, यदि हम राज्य में सरकार बनाते हैं, तो पहली कैबिनेट मीटिंग में हम जो पहली चीज करेंगे, वह है 10 लाख युवाओं को नौकरी देना। ये सरकारी नौकरी और प्रकृति में स्थायी होंगे। मौजूदा सरकार पर वार करते हुए उन्होंने कहा, बिहार में बेरोजगारी की दर 46.6% है। बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी और पलायन के आतंक पर उनका क्या कहना है?


15 साल में उनकी दोहरे इंजन वाली सरकार ने क्या किया? यह उनके एजेंडे से हटने की कोशिश है लेकिन हम एजेंडे पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसके अलावा उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, मैंने सौगंध ली है कि बिहार के हित में सदा कार्य करता रहूँगा। हर बिहारवासी को जब तक उनका हर अधिकार नहीं दिला देता, चैन से बैठने वाला नहीं हूँ। इस सौगंध को पूरा करने के क्रम में आज नामांकन करने जा रहा हूँ। परिवर्तन के इस शंखनाद में आपके स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद का आकांक्षी हूँ।

Desk Team