बिहार में आठ लोकसभा सीटों के लिए लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है। इस बीच पटना में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के पुत्र और बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव के सुरक्षा कर्मियों ने मीडिया कर्मियों के साथ मारपीट की।
तेजप्रताप रविवार को अपने समर्थकों के साथ पटना के वेटनरी कॉलेज के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने आए थे। इसी बीच मीडियाकर्मियों ने उनसे बयान लेने और उनकी तस्वीर लेने उनके वाहन के पास पहुंच गए। इसी बीच एक कैमरामैन का पैर तेजप्रताप के वाहन के चक्के के नीचे आ गया। इसके बाद मीडियाकर्मियों ने जब इसका विरोध किया तो तेजप्रताप के निजी सुरक्षा कर्मियों ने कैमरामैन की जमकर पिटाई कर दी।
उधर, तेजप्रताप ने बताया कि हमारी गाड़ी का कांच फोड़ा गया है। हम लोगों पर जानलेवा हमला किया गया है। तेजप्रताप ने इस बात से भी इनकार किया कि सुरक्षा कर्मियों ने मारपीट की है। जबकि कैमरामैन ने बताया कि उनके पैर पर वाहन चढ़ा दिया गया।
तेजप्रताप अपने सरकारी सुरक्षाकर्मियों के अलावा निजी सुरक्षाकर्मियों के घेरे में भी चलते हैं। तेजप्रताप यादव ने कहा कि, “मेरे बाउंसरों ने कुछ नहीं किया है। मैं अपना वोट डालने के बाद जा रहा था जब एक फोटोग्राफर ने मेरी कार की विंडस्क्रीन पर हाथ मारा। मैंने घटना की प्राथमिकी दर्ज की है। मुझे मारने की साजिश रची जा रही है।”


Download Android App
Download iOS App



