पुलिस सशस्त्र बिल 2021 से जुड़े भ्रम दूर करने में जुटे बिहार सरकार के आला अधिकारी

Summary :

चैतन्य प्रसाद ने आगे कहा कि बिहार पुलिस की मंशा BMP को CISF के तर्ज पर खड़ा करने की है और इसी वजह से नए कानून के तहत बीएमपी को और ज्यादा शक्तियां प्रदान की गई हैं।

बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक, 2021 पर विधानसभा में हुए हंगामे के बाद राज्य सरकार के आला अधिकारियों की टुकड़ी गुरुवार को सामने आई और इस नए विधेयक को लेकर पैदा हुए भ्रमों को दूर करने के प्रयास किये।  
गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद ने साफ़ किया कि सरकार द्वारा लाया गया नया पुलिस कानून केवल बिहार की मिलिट्री पुलिस को  ज्यादा शक्तियां देने से सम्बंधित है और इसका जिलों में तैनात सशस्त्र पुलिस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। 
चैतन्य प्रसाद ने आगे कहा कि बिहार पुलिस की मंशा BMP को CISF के तर्ज पर खड़ा करने की है और इसी वजह से नए कानून के तहत बीएमपी को और ज्यादा शक्तियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने बताया कि BMP फिलहाल संवेदनशील बोधगया के महाबोधि मंदिर और दरभंगा में मौजूद एयरपोर्ट पर सुरक्षा प्रदान कर रही है। 
आपको बता दें कि इस नए पुलिस कानून को लेकर बिहार विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी 2 दिनों में खूब हंगामा मचाया गया और इस हंगामे में पुलिसकर्मियों और विधायकों के बीच मार पीट भी देखी गई। इस पूरे मामले में विधानसभा स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने जांच के आदेश दिए हैं।

Desk Team