बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड में आंतरिक विवाद अब सड़कों पर दिखने लगा है। इस बीच, मंगलवार को जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी के अध्यक्ष ललन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आखिर जदयू नेतृत्व की राजद के साथ क्या डील हुई है ये उन्हें बताना चाहिए।
कुशवाहा ने स्पष्ट लहजे में क्या कहा ?
पटना में प्रेस वार्ता में कुशवाहा ने स्पष्ट लहजे में यह भी कहा कि पार्टी में नीतीश कुमार को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा वे लगातार नीतीश कुमार के खिलाफ जो भी प्रहार होता है, वह समाने आकर झेलते हैं, इस कारण लोग कुशवाहा को ही किनारे करने की कोशिश में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की सियासत में एक बार खूब चर्चा हुई कि जदयू का राजद में विलय हो जाएगा, लेकिन पार्टी के किसी भी नेता ने सामने आकर बयान नहीं दिया था, तब भी मैंने ही बयान दिया।
जदयू के अध्यक्ष से क्या पूछा सवाल ?
उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से सोमवार को भी एक कार्यक्रम हुआ और आज भी कार्यक्रम है मगर उपेंद्र कुशवाहा को दरकिनार किया गया। ये साजिश है। इतना ही नहीं आगे कहा कि नीतीश कुमार से भी हम कहना चाहते हैं कि इस साजिश को समझिए। जब बात करना चाहते हों हमको बुला लीजिए और बात कर लीजिए। उन्होंने जदयू के अध्यक्ष से सवाल करते हुए कहा कि उन्हें यह बताना चाहिए कि गठबंधन बनाने में क्या डील हुई। अगर वे इसे सार्वजनिक नहीं करना चाहते तो पार्टी की मीटिंग बुला लीजिए।


Download Android App
Download iOS App



