मुंबई, 28 जनवरी (आईएएनएस)। रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘दिल तो बच्चा है जी’ ने अपने रिलीज के 15 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर फिल्म के निर्देशक मधुर भंडारकर ने फिल्म के पुराने पन्नों को फिर से दोहराया है।
निर्देशक ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया। इसमें फिल्म के मुख्य कलाकार अजय देवगन, इमरान हाशमी समेत कई कलाकार नजर आ रहे हैं। निर्देशक ने पोस्टर शेयर कर लिखा, “फिल्म ‘दिल तो बच्चा है जी’ के 15 साल पूरे हो गए। यह फिल्म मेरी पसंदीदा फिल्मों में से एक है। इसकी मजेदार कहानी और प्यारा संगीत आज भी दिल को छू जाता है। इस फिल्म को इतना प्यार देने के लिए हमारे दर्शकों का दिल से धन्यवाद। ‘दिल तो बच्चा है जी’ के 15 साल पूरे। फिल्म देखें प्राइम वीडियो और जियो हॉटस्टार पर।”
रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म साल 2011 में रिलीज हुई थी, जिसे मधुर भंडारकर ने निर्देशित किया था। फिल्म की कहानी तीन दोस्तों की होती है, जिसमें नरेन (अजय देवगन) अपनी तलाकशुदा जिंदगी से जूझ रहा होता है और बाकी पात्र अपनी प्रेम कहानियों में अलग-अलग चुनौतियों का सामना करते हैं। यह फिल्म उनके जीवन में प्यार की तलाश, दिल टूटने और बचकानेपन के अनुभवों को दिखाती है, जिसमें वे सभी अपनी प्रेमिकाओं से प्यार तो करते हैं, लेकिन आखिरी में अकेले रह जाते हैं और खुद को सांत्वना देते हैं।
इसमें अजय देवगन, इमरान हाशमी और ओमी वैद्य मुख्य भूमिका में थे। वहीं, शाजान पदमसी, श्रुति हासन, रितुपर्णा सेनगुप्ता, टिस्का चोपड़ा और श्रद्धा दास जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में नजर आए। यह फिल्म अपनी कॉमेडी, अच्छे गीतों और सुकून देने वाले माहौल के लिए जानी जाती है।
फिल्म का लेखन मधुर भंडारकर, संजय चेल और कुमार ने किया था। फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था, लेकिन इसका संगीत आज भी लोगों की जुबान पर रहता है। खासकर मोहित चौहान का गाना ‘अभी कुछ दिनों से’। ये गाना सोशल मीडिया पर कभी-कभी ट्रेंड करने लगता है। मधुर भंडारकर ने इसे अपनी पर्सनल फेवरेट फिल्मों में से एक बताया है।
–आईएएनएस
एनएस/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



