‘KBC 12’ के पहले एपिसोड में अमिताभ बच्चन को आई सुशांत सिंह राजपूत की याद

Summary :

अमिताभ बच्चन ने शो की पहली कंटेस्टेंट से सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ से जुड़ा हुआ सवाल किया था।

टीवी का पॉप्युलर गेम शो कौन बनेगा करोड़पति का 12वां सीजन शुरू हो गया है। कोरोना वायरस पेंडमिक के चलते इस शो को लम्बे गैप के बाद ऑनएयर किया गया है।  शो की पहली कंटेस्टेंट रहीं आरती जगताप। आरती ने 6 लाख 40 हजार रुपए जीते। एपिसोड के ऑनएयर होते ही फैंस ने धमाकेदार अंदाज में बिग बी का स्वागत किया है। वहीं इस शो के पहले एपिसोड से जुड़े कई आइकॉनिक मूवमेंट्स को भी फैंस ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। ‘कौन बनेगा करोड़पति 12’ के पहले एपिसोड में जिस तरह से अमिताभ बच्चन ने सुशांत सिंह राजपूत को याद किया है, उसे देखकर एक बार फिर से लोगों की आंखें नम हो गई।इस दौरान शो में बिग बी ने आरती से सुशांत सिंह राजपूत को लेकर सवाल किया गया।
आरती को सुशांत की फिल्म दिल बेचारा का गाना सुनाया गया और पूछा कि इस गाने को सुनकर बताएं कि किस एक्ट्रेस ने इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड डेब्यू किया है। इसके बाद बिग बी ने सुशांत को याद करते हुए लम्बी सांस ली और उनके निधन को ‘दर्दनाक’ बताया। अमिताभ बच्चन ने सुशांत को जिस तरह से याद किया है, अब सोशल मीडिया पर लोग उनका शुक्रिया अदा कर रहे है और ये भी कह रहे हैं कि काश बिग बी ने सुशांत को लेकर पहले कुछ कहा होता।
शो में इस बार ऑडियंस नहीं होगी जिस वजह से ऑड‍ियंस पोल हटा दिया गया है। इसकी जगह वीडियो ए फ्रेंड हेल्पलाइन रखी गई है। बता दें कि अब तक हर सीजन में 10 प्रतियोगी हिस्सा लेते थे लेकिन इस बार सोशल डिस्टेंसिंग की वजह से इस बार केवल 8 प्रतियोगी हैं।आपको बता दें कि कोरोना वायरस से बचने के लिए अमिताभ बच्चन हर जरूरी कदम उठा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने फेसशील्ड के साथ शूटिंग से तस्वीर पोस्ट की थी। 

Desk Team