पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के पॉपुलर कलाकार एम्मी विर्क के काफिले को कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में गोलीबारी का निशाना बनाया गया। यह घटना 5 सितंबर की रात ‘यूनिटी टूर’ के कार्यक्रम के बाद मैक्कलम रोड पर हुई। हमलावरों ने काफिले में चल रही एक लग्जरी गाड़ी पर करीब सात गोलियां दागीं। जिस गाड़ी को निशाना बनाया गया, वह बुलेटप्रूफ थी, इसी वजह से एम्मी विर्क और उनके साथ मौजूद बाकी लोग सेफली बच गए। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हालंकि वारदात के बाद एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ हमला

बताया जा रहा है कि एम्मी विर्क का कार्यक्रम एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम हॉल में ऑर्गनाइज़ किया गया था। इस कार्यक्रम के खत्म होने के बाद वह अपने काफिले के साथ वहां से निकले। रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड पर एक गहरे रंग की एसयूवी में सवार हमलावरों ने काफिले की एक गाड़ी पर फायरिंग कर दी। पुलिस के शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गाड़ी पर कई गोलियां चलाई गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस को साजिशन हमले का शक
एबॉट्सफोर्ड पुलिस इस घटना को फिलहाल एक पॉसीबल टारगेटेड हमला मानकर जांच कर रही है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह साफ नहीं किया है कि इसके पीछे किसी आपराधिक गिरोह या किसी खास इंसान का हाथ है या नहीं। जांच टीम हमलावरों की पहचान, उनकी गाड़ी और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांच में अहम साबित हो सकती है।
बुलेटप्रूफ गाड़ी से टला बड़ा हादसा

हमले की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने काफिले की गाड़ी पर लगातार कई राउंड फायर किए। लेकिन बुलेटप्रूफ गाड़ी ने अंदर बैठे लोगों को सुरक्षित रखा और गोलियां अंदर बैठे लोगों तक नहीं पहुंच सकीं। फिलहाल एम्मी विर्क के साथ-साथ किसी भी इंसान के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
पंजाबी कलाकारों पर पहले भी हो चुके हैं हमले

कनाडा में पंजाबी एंटरटेंमेंट जगत से जुड़े कलाकारों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। सितंबर 2024 में गायक एपी ढिल्लों के कनाडा स्थित घर के पास गोलीबारी की खबर सामने आई थी। इस दौरान घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगाए जाने की बात भी सामने आई थी। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों द्वारा लिए जाने का दावा किया गया था। इसी तरह नवंबर 2023 में पंजाबी गायक और एक्टर गिप्पी ग्रेवाल के वैंकूवर स्थित घर के बाहर भी गोलीबारी हुई थी। इस मामले में भी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा दावा सामने आया था।
सिंगर करण औजला ने भी एक इंटरव्यू में कनाडा में रहते हुए खुद पर कई बार गोलीबारी और फिरौती की धमकियां मिलने का दावा किया था। 2019 में उनके कनाडा स्थित घर पर भी फायरिंग की घटना सामने आई थी। हालांकि बाद में सुरक्षा कारणों की वजह से उन्होंने दुबई में रहने का फैसला किया। अक्टूबर 2025 में पंजाबी सिंगर तेजी काहलों को भी कनाडा में गोलीबारी का निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई थी।
फिरौती और गैंगवार का एंगल भी जांच के दायरे में

कनाडा में एक्टिव आपराधिक गैंग पर पंजाबी कलाकारों को फिरौती के लिए धमकाने और अपने इफैक्ट का इस्तेमाल करने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसी घटनाओं में लॉरेंस बिश्नोई और बंबीहा जैसे गैंग के नाम भी सामने आते रहे हैं। हालांकि, एम्मी विर्क के मामले में पुलिस ने अभी तक किसी गैंग या आपराधिक संगठन के इन्वॉल्व होने की पुष्टि नहीं करी है। हमले की असल वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि बुलेटप्रूफ गाड़ी की वजह से एम्मी विर्क और उनके साथ मौजूद लोग सेफ हैं। अब पुलिस की जांच से यह पता चलेगा कि हमले के पीछे कौन था और आखिर काफिले को निशाना बनाने की वजह क्या थी।
Read More: ‘Mirzapur: The Movie’ के क्लाइमैक्स में ‘शूरवीर’ गाने पर विवाद, मेकर्स को भेजा गया लीगल नोटिस


Download Android App
Download iOS App




