Disha Salian की मौत के मामले में CBI ने दर्ज की FIR, 6 साल बाद फिर से इन लोगों पर शुरू होगी जांच!

Summary :

दिशा सालियान की मौत के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिशा के पिता ने हत्या और गैंगरेप का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी, जबकि पुलिस पहले इसे आत्महत्या बता चुकी है। अब CBI की जांच में सामने आने वाले सबूतों से यह स्पष्ट होगा कि दिशा की मौत की असली वजह क्या थी।

दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की एक्स मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को FIR दर्ज कर ली है। यह कदम बॉम्बे हाईकोर्ट के 2 सितंबर के उस ऑर्डर के बाद उठाया गया है, जिसमें अदालत ने दिशा के पिता की याचिका पर मामले की जांच CBI को सौंपने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस की अब तक की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा था कि करीब छह साल तक FIR दर्ज नहीं किया जाना और मामले को सिर्फ हादसे के तौर पर देखना कई सवाल खड़े करता है।

2020 में हुई थी दिशा की मौत

Disha Salian Death Case
Disha Salian Death Case (Source: Google)

दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई थी। इसके ठीक छह दिन बाद, 14 जून 2020 को एक्टर सुशांत सिंह राजपूत भी बांद्रा स्थित अपने घर में मरे हुए पाए गए थे। दोनों घटनाओं के बीच समय का अंतर होने की वजह से दिशा का मामला काफी समय से चर्चा में रहा है।

दिशा की मौत की शुरुआती जांच करीब तीन महीने में पूरी कर दी गई थी। अक्टूबर 2020 में मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया था। बाद में दिसंबर 2023 में केस दोबारा खोला गया और एक SIT का गठन किया गया। SIT की जांच में भी आत्महत्या की बात सामने आई थी।

दिशा के पिता ने लगाए गंभीर आरोप

Disha Salian's Dad Allegations
Disha Salian’s Dad Allegations (Source: Google)

हालांकि दिशा के पिता सतीश सालियान लंबे समय से मामले की दोबारा जांच करने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप हुआ और फिर हत्या कर दी गई, इसी के साथ उनकी कहना था कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आदित्य ठाकरे समेत कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग भी की थी।

CBI की FIR दर्ज होने के बाद उन्होंने कहा कि वह पिछले छह सालों से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने अपनी बेटी को खोने का दर्द जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अब कुछ राहत महसूस हो रही है और उन्होंने अदालत के प्रति आभार भी जताया।

किन लोगों के नाम का किया गया जिक्र?

Copy Of Fir In Disha Salian Case
Copy Of Fir In Disha Salian Case (Source: Google)

दिशा के पिता के वकील निलेश ओझा ने पहले कहा था कि जांच के दौरान जिन लोगों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, किसी इंसान के खिलाफ सबूत नहीं मिलने पर उसे आरोपी नहीं बनाया जाएगा। वकील के मुताबिक, FIR में आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली, डीनो मोरिया, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, रिया चक्रवर्ती, परमबीर सिंह, उद्धव ठाकरे, सचिन वाजे और पिछली SIT के कुछ सदस्यों के नाम का भी ज़िक्र किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर भी उठे सवाल

Disha Salian Postmortem
Disha Salian Postmortem (Source: Google)

अदालत में दिशा के पोस्टमॉर्टम को लेकर भी सवाल उठाए गए। बताया गया कि उनका पोस्टमॉर्टम एक डॉक्टर ने किया था, जबकि संबंधित दिशानिर्देशों के मुताबिक दो डॉक्टरों की मौजूदगी होनी चाहिए थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर, हाथ, पैर और छाती पर चोटों का ज़िक्र होने की बात भी सामने आई थी। दूसरी ओर, पुलिस ने अपनी जांच में रेप या किसी यौन हमले के सबूत मिलने से इनकार किया था। पुलिस का कहना था कि गवाहों के बयान और फॉरेंसिक जांच के आधार पर दिशा के खुद इमारत से छलांग लगाने की बात सामने आई थी।

पुलिस पहले भी आत्महत्या बता चुकी है

Disha Salian Case
Disha Salian Case (Source: Google)

मुंबई पुलिस ने 2020 में जांच के बाद दिशा की मौत को आत्महत्या माना था। इसके बाद 2023 से 2025 के बीच हुई SIT जांच में भी इसी रिज़ल्ट को दोहराया गया। पुलिस के मुताबिक, दिशा तनाव में थीं और घटना से पहले शराब के नशे में थीं। उनके मंगेतर ने भी किसी तरह की गड़बड़ी की पॉसीबिलिटी से इनकार किया था। अब CBI द्वारा FIR दर्ज किए जाने के बाद मामले की जांच नए सिरे से होगी और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले सबूतों पर डिपेंड करेगी।

Read More: Ayushman Khurrana Birthday: ये हैं आयुष्मान खुराना के सबसे पॉपुलर गानें और फिल्म्स, देखें लिस्ट

Rishabh Pandey

ऋषभ पांडे पिछले पांच साल से पत्रकारिता के फील्ड में काम कर रहे हैं, उन्होंने अपनी शुरुआत Zee News चैनल से की थी, इसके बाद उन्होंने News 24 में पॉलिटिकल, एंटरटेनमेंट न्यूज और क्राइम से जुड़ी खबरें लिखीं और बतौर प्रोड्यूसर भी एंटरटेनमेंट बीट पर काम किया, अब ऋषभ Punjab Kesari में एंटरटेनमेंट और स्पोर्टस बीट पर बतौर Sub Editor (हिंदी में) काम कर रहे हैं।