Jana Nayagan Release Date Updates: थलापति विजय इन दिनों अपनी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर कॉन्ट्रोवर्सी का हिस्सा बने हुए हैं. क्योंकि फिल्म की रिलीज से पहले ही इसे कोर्ट का रास्ता देखना पड़ा है. फिल्म की रिलीज को लेकर मंगलवार को मद्रास हाई कोर्ट में सुनवाई हुई थी. जिसमें चीफ जस्टिस मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव और जस्टिस जी अरुल मुरुगन की बेंच ने 3 घंटे की लंबी सुनवाई के बाद कोई फैसला नहीं सुनाया और आदेश सुरक्षित रखा है. अदालत में सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को रिलीज सर्टिफिकेट में देरी को लेकर कहा कि बोर्ड के चेयरपर्सन ने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है.
यहां तक कि तर्क देते हुए कहा गया कि ‘जन नायकन’ में जो कट लगाने को कहा गया था, वे ‘शुरुआती’ थे, फाइनल नहीं. दूसरी ओर, मेकर्स KVN प्रोडक्शंस ने अदालत में तर्क दिया कि उनका बजट 500 करोड़ का है और उन्हें रिलीज में देरी के कारण घाटा हो रहा है. इस पर सवाल उठाया गया कि आप अपनी लागत का हवाला देकर राहत नहीं मांग सकते.
Jana Nayagan Madras High Court: क्यों नहीं हो पा रही फिल्म रिलीज

CBFC की तरफ से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एआरएल सुंदरेशन ने कोर्ट में सिनेमैटोग्राफ एक्ट के प्रावधानों से जुड़े तथ्य पेश किए. उन्होंने चीफ जस्टिस के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि ‘जन नायकन’ को रिवाइजिंग कमेटी के पास भेजने के बारे में जो जानकारी दी जानी थी वो 6 जनवरी को ही प्रोड्यूसर्स को भेजी गई थी. हालांकि, पहले यह बताया गया था कि बोर्ड ने फैसला ले लिया है. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले HC केस में, जिसकी सुनवाई एक सिंगल जज ने की थी, मामले को 7 जनवरी के लिए पोस्ट किए जाने से पहले, जवाब दाखिल करने का समय नहीं दिया था.
Jana Nayagan Movie Postponed News: फिल्म में 14 कट लगाना बोर्ड का शुरुआती कदम, अंतिम नहीं

चीफ जस्टिस ने सुनवाई करते हुए बोर्ड से सवाल किया कि फिल्म को रिवाइजिंग कमेटी के पास क्यों भेजा गया? इसकी जानकारी चेन्नई के रीजनल ऑफिस से भेजी गई थी या मुंबई के बोर्ड से. इसपर ASG ने तर्क दिया कि फिल्म में 14 कट लगाने की सिफारिश, एग्जामिनिंग कमेटी का एक ‘शुरुआती कदम’ था, न कि अंतिम फैसला. उन्होंने कहा कि बोर्ड के चेयरपर्सन ने अभी तक फिल्म पर कोई फैसला नहीं लिया है.
Jana Nayagan Release Date Updates: सेंसर सर्टिफिकेट से पहले रिलीज डेट की घोषणा पर भी उठे सवाल

ASG ने मेकर्स के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि उन्होंने ‘जन नायकन‘ में ₹500 करोड़ का निवेश किया है. इसी के साथ उन्होंने सवाल उठाते हुए ये भी कहा कि जब सर्टिफिकेट जारी नहीं हुआ था तो सिनेमाघरों में रिलीज की तारीख के ऐलान मेकर्स ने कैसे कर लिया. ASG ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि पहले HC केस में CBFC को अपना जवाब दाखिल करने का समय कभी नहीं दिया गया. 6 जनवरी को भेजी गई जानकारी को कोर्ट में कभी चुनौती नहीं दी गई.
Jana Nayagan Movie Postponed News: मेकर्स के लिए सुप्रीम कोर्ट का रास्ता बंद!

इससे पहले मेकर्स ने सुप्रीम कोर्ट में हाई कोर्ट की इसी डिविजन बेंच के खिलाफ अर्जी दी थी. जसमें फिल्म की रिलीज पर जो आंतरिम रोक लगाई गई है, उसपर सवाल उठाए गए थे. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए मेकर्स को हाई कोर्ट से ही फैसला लेने के लिए कहा था.
Jana Nayagan Madras High Court: ‘जन नायकन’ के खिलाफ शिकायत के बाद रिलीज पर लगी रोक

ऐसा बताया जा रहा है कि ‘जन नायकन’ थलपति विजय की आखिरी फिल्म होने वाली है, क्योंकि इसके बाद वो अपनी TVK पार्टी के साथ राजनीति में फुल टाइम समय देने वाले हैं और अपना सारा फोकस सिर्फ राजनीति पर ही रखने वाले है. ‘जन नायकन’ पहले 9 जनवरी को ही रिलीज होने वाली थी. लेकिन उससे ठीक पहले इस पर रोक लगा दी गई. सेंसर बोर्ड ने शुरुआत में रिव्यू करने के बाद कुछ 16 कट्स सुझाते हुए U/A सर्टिफिकेट देने की हामी भरी थी, लेकिन फिर जब बोर्ड के चेयरपर्सन को एक शिकायत मिली तो उन्होंने इस पर रोक लगा दी.
आपको बता दें कि ये शिकायत रिव्यू कमिटी के ही एक सदस्य ने दी है. जिसमें ये कहा गया है कि फिल्म में कुछ सीन्स ऐसे हैं, जिनसे लोगो की भावनाएं आहत हो सकती है, क्योंकि उनमें सेना को गलत तरीके से दिखाया गया है.


Download Android App
Download iOS App




