अभिनत्री कंगना रनौत श्री राजपूत करणी सेना से मुकाबला करने के लिए तैयार हैं, जिसने धमकी दी है कि सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ‘मणिकर्णिका : द क्वीन ऑफ झांसी’ को संगठन को नहीं दिखाया गया तो वे इसका विरोध करेंगे।
अभिनेत्री ने कहा कि अगर इन लोगों ने उन्हें परेशान करना बंद नहीं किया तो वह इन्हें ‘बर्बाद’ कर देंगी। रिपोर्टों के मुताबिक, करणी सेना की महाराष्ट्र शाखा ने गुरुवार को यह आरोप लगाते हुए फिल्म का विरोध किया कि फिल्म में एक ब्रिटिश अधिकारी के साथ लक्ष्मीबाई का रिश्ता दिखाया गया है।
करणी सेना जिसने 2017 में ‘पद्मावत’ का भारी विरोध किया था, इसने यह भी दावा किया है कि फिल्म में रानी को एक विशेष गाने पर नाचते दिखाया गया है जो परंपराओं के विरुद्ध है। इन लोगों ने निर्माताओं से फिल्म रिलीज करने से पहले उन्हें दिखाने की मांग की है।
कंगना ने एक बयान में कहा, चार इतिहासकारों ने ‘मणिकर्णिका..’ को प्रमाणित किया है। हमें सेंसर से भी प्रमाणपत्र मिला है। करणी सेना को इससे अवगत करा दिया गया है लेकिन फिर भी वे मुझे तंग कर रहे हैं।
अभिनेत्री ने कहा, अगर वे ऐसा करना बंद नहीं करते हैं तो फिर उन्हें जान लेना चाहिए कि मैं भी एक राजपूत हूं और मैं उनमें से हर एक को बर्बाद करके रख दूंगी।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गीतकार व केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने ‘मणिकर्णिका..’ के गीत लिखे हैं, जिसमें कंगना बड़े पर्दे पर रानी लक्ष्मीबाई के किरदार में नजर आएंगी।
फिल्म में अंकिता लोखंडे, अतुल कुलकर्णी, डैनी डेन्जोंगपा, सुरेश ओबेरॉय जैसे कलाकार भी है। शुक्रवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए राष्ट्रपति भवन में इसकी स्क्रीनिंग होगी। फिल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


Download Android App
Download iOS App









