एंटरटेनमेंट की दुनिया से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। टीवी के फेमस सीरियल ‘अनुपमा’ में अनुज कपाड़िया का रोल निभाकर घर-घर में मशहूर हुए एक्टर गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला के रिश्ते में दरार आ चुकी है। दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और अब जल्द ही ऑफिशियल तौर पर तलाक लेने जा रहे हैं।
इस बात का खुलासा खुद आकांक्षा चमोला ने कंगना रनौत और एकता कपूर के रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ (Lock Upp 2) में किया है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब तलाक के इस बड़े ऐलान के बाद खुद गौरव खन्ना शो के अंदर पहुंच गए। उन्हें अचानक सामने देखकर आकांक्षा अपने आंसू नहीं रोक पाईं।
‘लॉक अप 2’ के जेल में अचानक पहुंचे गौरव खन्ना, आकांक्षा को देखकर कही ये बड़ी बात

रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। हाल ही में शो का एक नया प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शो की होस्ट फराह खान कैदियों (कंटेस्टेंट्स) के लिए ‘विजिटिंग ऑवर्स‘ यानी मुलाकात के समय का एलान करती हैं।
सभी घरवाले हैरान होते हैं कि आखिर पहला मेहमान कौन होने वाला है। तभी जेल के दरवाजे से गौरव खन्ना एंट्री लेते हैं। गौरव को अचानक अपने सामने देखकर आकांक्षा चमोला के चेहरे पर एक साथ कई तरह के भाव आ जाते हैं। वह मुस्कुराती भी हैं और इमोशनल होकर रोने भी लगती हैं। गौरव सीधे आकांक्षा की जेल की कोठरी के पास जाते हैं और मजाकिया लेकिन थोड़े सीरियस वे में कहते हैं, “बैंड बजा दिया तूने!”
क्यों टूट रहा है 10 साल पुराना रिश्ता? आकांक्षा ने बताया बच्चे न पैदा करने का असली कारण

गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद नवंबर 2016 में धूमधाम से शादी की थी। शादी के करीब 10 साल बाद अब यह खूबसूरत जोड़ी अलग होने की राह पर है। शो के दौरान आकांक्षा ने अपने को-कंटेस्टेंट्स श्रेया कालरा और सूफी मोतीवाला से बात करते हुए इस तलाक की असली और बेहद निजी वजह का खुलासा किया।
आकांक्षा ने बताया, “जब हमारी शादी हुई थी, तब मेरे अंदर कभी भी मां बनने की भावना (मैटर्नल इंस्टिंक्ट) नहीं थी। मैंने गौरव से साफ कह दिया था कि मैं बच्चे पैदा करने के लिए नहीं बनी हूं। शुरुआत में वह इस बात के लिए मान गए थे, लेकिन धीरे-धीरे समय के साथ उनकी सोच बदल गई। अब वह अपना परिवार आगे बढ़ाना चाहते हैं और बच्चे चाहते हैं, लेकिन मैं उन्हें यह खुशी नहीं दे सकती।”
“मैं जिंदगी भर बिना बच्चों के रहना चाहती हूँ…” आकांक्षा ने बिग बॉस के बाद लिया बड़ा फैसला

आकांक्षा ने आगे बात करते हुए कहा कि वह गौरव की इच्छाओं का सम्मान करती हैं और उन्हें गलत नहीं मानतीं। उन्होंने कहा, “ज्यादातर लोग शादी ही इसलिए करते हैं ताकि वह अपना वंश आगे बढ़ा सकें। गौरव अपनी जगह बिल्कुल सही हैं। जब गौरव बिग बॉस में गए थे, तब मुझे गहराई से अहसास हुआ कि उन्हें बच्चों की कितनी ज्यादा जरूरत है।
लेकिन मैं खुद को बदल नहीं सकती। मैं हमेशा ‘चाइल्ड-फ्री’ (बिना बच्चों के) रहना चाहती हूँ, मैं आजाद रहना चाहती हूँ। मैं गौरव को ऐसी सिचुएशन में नहीं रखना चाहती जहाँ उन्हें अपनी खुशियों से समझौता करना पड़े। इसलिए हमने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया।” अब देखना यह होगा कि ‘लॉक अप 2’ के इस मंच पर जब दोनों खुलकर बात करेंगे, तो क्या इस रिश्ते को बचाने की कोई उम्मीद बाकी बचेगी या नहीं।


Download Android App
Download iOS App




