साल 2020 में एनसीबी ने बॉलीवुड में सफाई अभियान की शुरुआत की थी। फिल्मी दुनिया से ड्रग्स को निकालने के लिए एनसीबी की टीम ने बॉलीवुड स्टार्स को अपने घेरे में लिया और रिया चक्रवर्ती को पकड़ा। इस साल यही चीज शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के साथ हुई। रिया चक्रवर्ती को 8 सितम्बर 2020 को एनसीबी ने गिरफ्तार किया था और इसके बाद उन्हें लगभग एक महीने तक जेल में रहना पड़ा था। रिया को मुंबई के बायकुला जेल से 7 अक्टूबर को रिहाई मिली थी।

बॉम्बे हाई कोर्ट ने रिया को जमानत दी थी। यह दिन अपने आप में अलग है क्योंकि इस साल वो 7 अक्टूबर का ही दिन था जब किला कोर्ट ने आर्यन खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में रहने की सजा सुनाई। आर्यन, 2 अक्टूबर को गिरफ्तार हुए थे और मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने से पहले दो बार एनसीबी की रिमांड में भेजा था। एक बहुत जरूरी चीज जो 28 साल की रिया चक्रवर्ती और आर्यन खान की जिंदगी में एक जैसी है, वो यह कि दोनों के पास से कोई ड्रग्स बरामद नहीं हुए थे। दोनों के केस में फोन का इस्तेमाल किया गया। इसी से एनसीबी ने अपनी सोच बनाई कि दोनों का रिश्ता बड़े ड्रग्स रैकेट से जुड़ा हुआ है।

एक तरफ रिया चक्रवर्ती का केस था जिसमें एनसीबी ने कहा था कि रिया ने खुद कोई ड्रग्स नहीं लिये, बल्कि वह एक्टर सुशांत सिंह राजपूत को ड्रग्स सप्लाई करने का काम करती थीं। हाई कोर्ट से मिले रिया की रिहाई के आर्डर के मुताबिक एनसीबी ने कहा था- जो ड्रग्स रिया ने खरीदे थे वो उनके खुद के इस्तेमाल के लिए नहीं थे। ड्रग्स को दूसरे शख्स के इस्तेमाल के लिए सप्लाई किया गया था। NDPS एक्ट के सेक्शन 27 ए को रिया पर एनसीबी ने लगाया गया। इसमें अपराधियों को शरण देने और ड्रग्स की सप्लाई से अपने वित्तीय फायदे के लिए सजा दी जाती है।

एनसीबी के मुताबिक, रिया ड्रग सिंडिकेट से जुड़ी एक्टिव मेंबर थीं जो ड्रग्स सप्लाई करती थीं। वह सुशांत को ड्रग्स सप्लाई करने वाली चेन की अहम मेंबर थीं और वह आर्थिक चीजें भी संभाल रही थीं। ये सारी जानकारी एनसीबी को रिया चक्रवर्ती के फोन से मिली थी, जो उन्होंने एक्ट्रेस की जांच के समय जब्त किया था। पुरानी डिलीट की हुई व्हाट्सएप चैट को रिकवर किया गया। लोगों के साथ चैट, ड्रग्स के बारे में बातें, पैसों को लेकर बातें और पैसों का लेनदेन रिया के खिलाफ एनसीबी के केस की रीढ़ की हड्डी बना था।

दूसरी तरफ आर्यन खान की बात करें तो उनपर आरोप है कि वे ड्रग्स लेने और बड़े कांस्पीरेसी का हिस्सा हैं। एनसीबी के मुताबिक, आर्यन रेव पार्टी में अपने दोस्त अरबाज मर्चेंट के साथ ‘ब्लास्ट’ करने वाले थे। अरबाज के पास से 6mg नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। आर्यन को गिरफ्तार करने के बाद एनसीबी ने उनके फोन को भी जब्त कर लिया और जल्द से जल्द उनके तमाम चैट को खंगालने लगी ताकि यह कह पाए कि वह इंटरनेशनल ड्रग ट्रैफिकिंग रैकेट का हिस्सा हैं।

एनसीबी का मानना है कि आर्यन खान हार्ड ड्रग्स में डील करते हैं और कुछ के लिए उन्होंने पैसे भी दिए थे, जो उनके फोन से पता चला है। आर्यन को गिरफ्तार सिर्फ इस बिनाह पर किया गया था कि उन्होंने ड्रग्स लिये है। हालांकि बाद में सेक्शन 27 ए और 29 को भी उनके मामले में जोड़ दिया गया। आर्यन खान के वकील ने कहा है कि आर्यन विदेश में पढ़ाई कर रहे थे, जहां ड्रग्स लेने पर बैन नहीं है। तो अगर उन्होंने उस समय ड्रग्स के बारे में बात की भी होगी, तो भी अब उनके ऊपर इसे लेकर मुकदमा नहीं चल सकता है।
.jpg)
वकील द्वारा यह भी कहा गया है कि आर्यन और अरबाज इस केस से जुड़े दूसरे आरोपियों को नहीं जानते हैं। जबकि एनसीबी का कहना है कि आर्यन और अरबाज ड्रग पेडलर्स से बात कर रहे थे और यह बात उनके फोन से पता चली है। इसका मतलब है कि दोनों गहराई से ड्रग रैकेट से जुड़े हुए हैं। फिलहाल आर्यन खान, आर्थर रोड जेल में हैं। उनके वकीलों ने मुंबई के सेशंस कोर्ट में जमानत की याचिका डाली थी, जिसपर सुनवाई हो चुकी है। कोर्ट अपना फैसला 20 अक्टूबर को सुनाने वाला है।


Download Android App
Download iOS App



