देशभर में इन दिनों कोरोना एक बार फिर तेजी से पैर पसार रहा है। वहीं महाराष्ट्र में कोरोना वायरस काफी तेजी से फैल रहा है,जिस वजह से बॉलीवुड इंडस्ट्री के भी कई सितारें कोरोना की चपेट में आ गए हैं। हाल ही में कोरोना वायरस का शिकार हुए सेलेब्स में फातिमा सना शेख,आमिर खान,बप्पी लहरी,मिलिंद सोमनरणबीर कपूर, विक्रांत मैसी के बाद अब अभिनेत्री आलिया भट्ट भी कोरोना का शिकार हो गई हैं।

आलिया को कोरोना होने के बाद उन्होंने खुद 1 अप्रैल की देर रात इस बात की जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए दी थी। फिलहाल आलिया होम क्वारंटाइन में हैं। इस दौरान उनकी मां सोनी राजदान ने अभिनेत्री और बेटी के लिए कोरोना वायरस पर एक कविता लिखकर अपना दर्द जाहिर किया है।

सोनी राजदान ने अपने ट्विटर हैंडल पर कविता शेयर करके लिखा-यह कोई साधारण लहर नहीं है। यह हर जगह है,यह हर जगह है,ये घरों में,हमारे बालों में,हर जगह है। मुझे थोड़ा डर लग रहा है। यह कोई सामान्य लहर नहीं है। यह हर जगह है। पता नहीं है कि हम कैसे इससे छुटकारा पाएंगे,ये इतने ज्यादा मात्रा में यहां-वहां फैले हुए हैं कि पता नहीं कैसे हम अब अपना केयर करना शुरू करें। यह हर जगह है,यह हर जगह है।

आलिया ने खुद दी जानकारी
आलिया भट्ट ने खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी देते हुए लिखा था, ‘मैं कोविड-19 से संक्रमित पाई गई हूं। मैंने खुद को सबसे अलग कर लिया है और होम क्वारंटाइन में हूं। मैं डॉक्टरों द्वारा दी गयी सलाह का सही से पालन कर रही हूं। आपके प्यार और सहयोग के लिए हमेशा आभारी रहूंगी। आप सुरक्षित रहिए और अपना ख्याल रखिए।

अभिनेत्री के वर्क फ्रंट की बात करें तो वो कुछ वक्त पहले गंगूबाई फिल्म की शूटिंग में बिजी थीं,मगर फिर संजय लीला भंसाली के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद इस फिल्म की शूटिंग पर विराम लगा दिया गया था। इस फिल्म के अलावा आलिया फिल्म ब्रह्मास्त्र पर काम कर रही हैं। इस फिल्म में एक्ट्रेस के साथ रणबीर कपूर,अमिताभ बच्चन,मौनी रॉय और नागार्जुन अहम किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। वहीं आलिया के पास अभी फिल्म ‘आरआरआर’ और करण जौहर की फिल्म तख्त भी है।


Download Android App
Download iOS App



