तापसी पन्नू अपनी फिल्मों को बहुत सावधानी से चुनती हैं। वह उन्हीं फिल्मों को हां कहती हैं जिनमें उन्हें कुछ अलग करने का मौका मिलता है। अपने करियर में एक से बढ़कर एक भूमिकाएं निभाने वाली पन्नू अब एक और चुनौतिपूर्ण किरदार निभाने जा रही हैं। फिलहाल उनकी अपकमिंग फिल्म ‘शाबाश मिट्ठू’ अभी से सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में पन्नू क्रिकेटर मिताली राज का किरदार निभा रही हैं।

इस रोल की तैयारी के लिए पन्नू जमकर पसीना बहा रही हैं। उन्होंने क्रिकेट की प्रैक्टिस शुरू कर दी है। हाल ही में पन्नू ने क्रिकेट प्रैक्टिस की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह शॉट लगाती नजर आ रही हैं। पिंक फिल्म अभिनेत्री ने पहले कभी भी यह खेल नहीं खेला है और एक नए किरदार के साथ उनके सामने कठिन चुनौती खड़ी हुई है। हाल ही में तापसी ने कवर ड्राइव खेलते हुए अपनी एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा- ‘कवर ड्राइव को हूबहू खेलने की कोशिश।’
इससे पहले एक्ट्रेस ने मैदान पर पसीना बहाने की फोटो के साथ सचिन तेंदुलकर की एक बात कैप्शन में शेयर की, जिसमें लिखा था- ‘लोग आपकी ओर पत्थर फेकेंगे लेकिन आप उनको मील के पत्थर में बदल दो: सचिन तेंदुलकर।’
फोटो में, तापसी को खेल का अभ्यास करते हुए बल्ला पकड़े हुए देखा जा सकता है और जुड़वा-2 की एक्ट्रेस के अंदाज को देखते हुए लगता है कि वह मिताली के रोल में उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहतीं।
तापसी बीते समय में महिला सशक्तीकरण को लेकर की गई फिल्मों के लिए पहचानी जाती रही हैं और इसी क्रम में उनके करियर में एक और ऐसी ही फिल्म जुड़ने जा रही है। अभिनेत्री इससे पहले ‘पिंक’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्मों के साथ समाज को महिला सम्मान के बारे में संदेश देने का काम कर चुकी हैं।
इस बीच, बता दें कि मिताली राज पर बन रही ‘शाबाश मिठू’ फिल्म को राहुल ढोलकिया द्वारा निर्देशित किया गया है और इसे अजीत अंधारे द्वारा निर्मित किया जा रहा है। इसके अलावा तापसी के खाते में विक्रांत मैसी, स्पोर्ट्स ड्रामा रश्मि रॉकेट और कॉमेडी फिल्म लूप लपेटा के साथ हसीन दिलरुबा भी शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



