Tusshar Kapoor Extortion: हिंदी सिनेमा में इन दिनों फिल्मी सितारों को धमकियां मिलने और हमलों के मामले सुर्खियों में हैं। हाल ही में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों द्वारा जानलेवा हमले की खबर आई थी, जिससे वे बाल-बाल बचे थे। अब अभिनेता तुषार कपूर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है।
तुषार कपूर को 5 करोड़ की रंगदारी का धमकी भरा कॉल

समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, वेटरन अभिनेता जीतेंद्र के बेटे और निर्माता एकता कपूर के भाई तुषार कपूर को एक धमकी भरा फोन आया है, जिसमें उनसे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य ‘हैरी बॉक्सर’ बताया और जल्द से जल्द 5 करोड़ रुपये का इंतजाम करने को कहा। धमकी मिलते ही अभिनेता ने तुरंत मुंबई पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में क्या आया सामने?

मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में ऑडियो के सैंपल मेल नहीं खाए हैं, जिससे जांचकर्ताओं को यह आशंका है कि यह कॉल फर्जी भी हो सकती है। पुलिस को संदेह है कि किसी शरारती तत्व ने सिर्फ दहशत फैलाने के लिए बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया हो। फिलहाल पुलिस उस शख्स का पता लगाने में जुटी है जिसने यह ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी और इस मामले में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
‘गोलमाल 5’ में आएंगे नजर

वर्कफ्रंट की बात करें तो तुषार कपूर जल्द ही अपनी लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ में नजर आएंगे। निर्देशक रोहित शेट्टी की इस आगामी फिल्म में तुषार एक बार फिर अपने आइकॉनिक ‘लकी’ के किरदार में दिखाई देंगे। यह फिल्म अगले साल 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


Download Android App
Download iOS App




